उत्तराखंड में जबरदस्त बारिश, नदी-नाले उफान पर; आज का अलर्ट पढ़ लीजिए
उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदल चुका है। कल कई जगहों पर जमकर बारिश हुई। मौसम विभाग ने आज भी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

उत्तराखंड में मौसम ने फिर करवट ली है। गर्मी की तपिश से परेशान लोगों को बारिश की ठंडी फुहारों ने राहत दी है। मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक, आज राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। मॉनसून की सक्रियता भी अब पूरे जोर पर है, जिससे पहाड़ों से लेकर मैदानों तक मौसम सुहाना हो गया है। आइए, जानते हैं आज कहां कैसा मौसम रहेगा।
किन जिलों में बरसेंगे बादल?
मौसम विभाग के मुताबिक, आज देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली, नैनीताल, बागेश्वर, पिथौरागढ़, और चंपावत जैसे जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में बादलों की गर्जन के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मैदानी इलाकों जैसे हरिद्वार और उधम सिंह नगर में भी छिटपुट बारिश का अनुमान है, लेकिन यहां तापमान अभी भी 32-35 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान 20-28 डिग्री के आसपास रहेगा, जो गर्मी से राहत देगा।
देहरादून में आज भी बारिश
देहरादून में रविवार को झमाझम बारिश हुई, जिससे 24 घंटे के भीतर सात डिग्री सेल्सियस तापमान गिर गया। दून में शनिवार को जहां 37.1 डिग्री सेल्सियस तापमान था, रविवार को तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दून में रविवार को 65.2 एमएम बारिश दर्ज की गई। दून में सुबह से ही बारिश का दौर शुरू हो गया, जो दोपहर बाद तक जारी रहा। आशारोड़ी इलाके में 94.5, सहस्रधारा में 70, मोहकमपुर में 60, हाथीबड़कला में 56.5 एमएम बारिश दर्ज की गई।
मसूरी में बारिश ने दी उमस से राहत
रविवार को मसूरी में सुबह से बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। बारिश के साथ तेज हवाएं भी चली। मौसम के करवट बदलने से लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिली। सुबह से नगर में घना कोहरा छा गया। दून घाटी के ऊपर बादलों ने डेरा जमा दिया। यह दृश्य देखकर पर्यटक रोमांचित हो उठे। वे इन पलों को अपने कैमरों में कैद करने लगे। वहीं बारिश के दौरान कारण सुबह मसूरी-देहरादून मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रही। पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अंधेरा छाने से चालकों को वाहन की हेडलाइट जलानी पड़ी। दोपहर दो बजे मौसम साफ हो गया लेकिन तेज हवाएं चलती रही। बारिश से पर्यटक होटलों में ही रहे। कैंपटी फॉल के स्थानीय दुकानदार सुमन नौटियाल ने बताया कि बारिश के कारण कैंपटी में कम पर्यटक आए हैं। वहीं शनिवार को कैंपटी फॉल में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे हुए थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।