ठंड का प्रकोप कुछ कम हुआ, घना कोहरा भी छटा मगर कब तक रहेगी राहत; मौसम विभाग की चेतावनी
- मौसम विभाग ने कहा कि कश्मीर में 29 जनवरी तक बादल छाए रहने की संभावना है। 29 जनवरी की रात या 30 जनवरी की सुबह के दौरान अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश या हिमपात होने के आसार हैं।

कड़ाके की ठंड से कुछ हद तक राहत मिली है। दिल्ली-एनसीआर समेत आसपास के इलाकों में दोपहर में धूप खिलने से सर्दी का प्रकोप कम हुआ है। राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और वायु गुणवत्ता मध्यम स्तर की रही। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने यह जानकारी दी। इसके मुताबिक, न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस रहा जो यह औसत से 2.3 डिग्री अधिक था। मौसम विभाग ने शनिवार को आसमान साफ रहने और उत्तर-पश्चिम दिशा से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है। विभाग ने कहा कि सुबह के समय हवा की गति 8 किमी प्रति घंटे से कम रहने की संभावना है। आज सुबह के समय हल्का कोहरा छाया हुआ है। दोपहर तक हवा की गति धीरे-धीरे बढ़कर 12 से 14 किमी प्रति घंटा हो जाने की उम्मीद है। आईएमडी ने कहा कि शाम और रात तक गति घटकर 10 किमी प्रति घंटे से भी कम हो जाएगी और धुंध छाए रहने की संभावना है। शनिवार को अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।
राजस्थान के अनेक इलाकों में सर्दी का दौर जारी है। बीते 24 घंटे में सबसे कम 3.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान सीकर के फतेहपुर में दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान राज्य में मौसम आमतौर पर शुष्क रहा। बीते चौबीस घंटे में न्यूनतम तापमान फतेहपुर में 3.9 डिग्री, नागौर में 5.4 डिग्री, सीकर व चूरू में 7.0 डिग्री, संगरिया में 7.3 डिग्री, पिलानी में 7.6 डिग्री, बीकानेर में 7.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान डूंगरपुर में 27.0 डिग्री सेल्सियस रहा। विभाग के अनुसार, राज्य में आगामी एक सप्ताह के दौरान मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की प्रबल संभावना है। उत्तरी हवाओं के प्रभाव से आगामी एक-दो दिन में न्यूनतम व अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की प्रबल संभावना है।
श्रीनगर में पारा शून्य के नीचे 3.3 डिग्री पहुंचा
कश्मीर में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने महीने के अंत तक मुख्यतः शुष्क मौसम रहने का अनुमान लगाया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। मौसम विभाग के अनुसार, श्रीनगर में रात न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। दक्षिण कश्मीर की वार्षिक अमरनाथ यात्रा के आधार शिविरों में से एक पहलगाम में तापमान शून्य से नीचे 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह पिछली रात शून्य से नीचे 5.6 डिग्री सेल्सियस था। मौसम विभाग ने कहा कि 29 जनवरी तक बादल छाए रहने की संभावना है। 29 जनवरी की रात या 30 जनवरी की सुबह के दौरान अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश या हिमपात होने की संभावना है। इसके बाद मौसम आंशिक रूप से सामान्य तौर पर बना रहेगा।
पंजाब और हरियाणा के कई इलाको में ठंड
पंजाब और हरियाणा में कई स्थानों पर कड़ाके की ठंड अभी पड़ रही है। विभिन्न स्थानों पर तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब के फरीदकोट में कड़ाके की ठंड रही है और न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अमृतसर में न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा के करनाल में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस, नारनौल में 7.3 डिग्री सेल्सियस और भिवानी में न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सिरसा में न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री, गुरुग्राम में 10.4 डिग्री और अंबाला में 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
तेलंगाना में अगले पांच दिनों तक कोहरा
तेलंगाना में अगले 5 दिनों के दौरान अलग-अलग स्थानों पर सुबह कोहरा या धुंध छाये रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। दैनिक रिपोर्ट में बताया गया कि राज्य में अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान सामान्य बना रहेगा। इसके अलावा राज्य में अगले 7 दिनों तक मौसम शुष्क बना रह सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक, राज्य के मेडक शहर में गुरुवार रात को सबसे कम न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
(एजेंसी इनपुट के साथ)
कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम, जानें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।