Solar Eclipse: क्या 29 मार्च 2025 को लगने वाला सूर्यग्रहण भारत में आएगा नजर? जानें समय
- Surya Grahan 2025 March: 29 मार्च 2025 को साल का पहला सूर्य ग्रहण लगेगा। जानें क्या यह सूर्य ग्रहण भारत में आएगा नजर व क्या समय रहेगा-

29 March 2025 Solar eclipse Time in India: ग्रहण का धार्मिक व वैज्ञानिक दोनों महत्व है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, ग्रहण के दौरान किसी भी शुभ कार्य की शुरुआत नहीं करनी चाहिए। 2025 का पहला सूर्य ग्रहण 29 मार्च 2025 को लगने वाला है। यह एक आंशिक सूर्य ग्रहण होगा। इस साल कुल दो सूर्य ग्रहण लगेंगे। हाल ही में 14 मार्च 2025 को दुनिया के कुछ हिस्सों में चंद्र ग्रहण नजर आया था। जानें क्या साल का पहला सूर्य ग्रहण भारत में नजर आएगा और टाइमिंग-
29 मार्च 2025 को सूर्य ग्रहण का समय-
भारत में ग्रहण दोपहर लगभग 2:20 बजे शुरू होगा। यह ग्रहण शाम 4:17 बजे पर अपने चरम पर होगा और यह 6:13 बजे समाप्त होगा। हालांकि यह ग्रहण भारत में नजर नहीं आएगा, जिसके कारण इसका सूतक काल भी मान्य नहीं होगा। इस ग्रहण को सबसे अच्छी तरह से उत्तरी अमेरिका में देखा जा सकेगा।
कहां दिखाई देगा ग्रहण? आंशिक सूर्य ग्रहण दुनिया के कई हिस्सों में देखा जा सकेगा। 29 मार्च 2025 को लगने वाला सूर्य ग्रहण एशिया, अफ्रीका, यूरोप, उत्तरी अमेरिका, दक्षिण अमेरिका और अटलांटिक और आर्कटिक महासागरों के कुछ हिस्सों में नजर आएगा।
सूर्य ग्रहण कब लगता है-
नासा के अनुसार, सूर्य ग्रहण तब होता है जब चंद्रमा सूर्य और पृथ्वी के बीच आ जाता है। यह सूर्य की कुछ या पूरी रोशनी को रोक देता है, जिससे छाया बनती है। आंशिक ग्रहण में सूर्य, चंद्रमा और पृथ्वी पूरी तरह से संरेखित नहीं होते हैं। जिससे सूर्य का केवल एक भाग ही ढका हुआ दिखाई देता है।
सूर्य ग्रहण का सूतक- अगर 29 मार्च को लगने वाला सूर्य ग्रहण भारत में नजर आता तो इसका सूतक काल 12 घंटे पहले से प्रारंभ हो जाता। लेकिन यह ग्रहण भारत में नहीं दिखेगा, जिसके कारण सूतक मान्य नहीं होगा।