तीन माह की दूधमुंही बच्ची की हत्या में दादी गिरफ्तार
बिहिया की शर्मनाक घटना बच्ची की मां के बयान पर दादी के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी -घरेलू विवाद में दादी पर बच्ची की हत्या करने का आरोप

बिहिया की शर्मनाक घटना -बच्ची की मां के बयान पर दादी के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी -घरेलू विवाद में दादी पर बच्ची की हत्या करने का आरोप -नानी बोली : पसंद नहीं थी पोती, इसलिए दादी ने मार डाला आरा/बिहिया। हिन्दुस्तान संवाददाता भोजपुर के बिहिया नगर में तीन माह में दूधमुंही बच्ची की हत्या करने के जुर्म में उसकी दादी को गिरफ्तार कर लिया है। बच्ची की मां सिंटू देवी के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कराये जाने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है। वह बिहिया वार्ड नंबर दस निवासी पंजाबी प्रसाद की पत्नी गीता देवी है। प्राथमिकी में गीता देवी पर घरेलू विवाद में तीन माह की बच्ची सौम्य कुमारी की गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया गया है। सिंटू देवी की ओर से कहा गया है कि शाम करीब साढ़े तीन बजे वह बेटी को बेड पर सुला कर नीचे खाना लेने गयी थी। तभी सास गीता देवी से उसका झगड़ा हो गया। तब सास यह कहती हुई चली गयी कि न तुम्हारी बेटी रहेगी और न तुम। कुछ देर बाद वह छत पर गयी, तो देखा कि उसकी बेटी की मौत हो गई। उसके गले में जख्म का निशान था। इधर, सदर अस्पताल पहुंची बच्ची की नानी बसंती देवी का कहना है कि उनकी नतिनी सौम्या अपनी दादी को पसंद नहीं थी। वह उनकी बेटी और नतिनी को हमेशा रंग को लेकर ताने देती थी। हमेशा कहती थी कि मां की तरह बेटी भी बदसूरत है। उसकी शादी कौन करेगा और लिए दहेज कौन देगा? बहरहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है। बता दें कि बुधवार शाम बिहिया वार्ड नंबर दस में सास-बहू के झगड़े में ऑटो चालक राजू साह की तीन महीने की बेटी सौम्या कुमारी की गला दबा हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने हंगामा भी किया था। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष आदित्य कुमार मौके पर पहुंचे थे और छानबीन की थी। .... चार माह बाद भी मासूम बच्चे की हत्या का नहीं हुआ खुलासा जगदीशपुर। निज संवाददाता जगदीशपुर थाना क्षेत्र के भोराही टोला गांव में 10 अक्टूबर 24 को रात नौ माह के एक मासूम की हत्या के चार माह बाद भी पुलिस अभियुक्तों के खोजने में असफल रही है। बता दें कि ननिहाल में मां और नानी के साथ घर में सो रहे बच्चे की चोरी करने के बाद मुंह और नाक दबा हत्या करने का आरोप था। मृत बच्चा तीयर थाना क्षेत्र के तीयर गांव निवासी विकास कुमार का नौ माह का पुत्र युवराज कुमार था। हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हुआ था। उसके शरीर पर जख्म के निशान नहीं थे। घटना के बाद भड़के लोगों ने सड़क पर शव रख हंगामा करते हुए फोरलेन चार घंटे जाम कर दिया था।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।