दहेज के लिए शादी के 11 माह बाद ही गला घोंट विवाहिता की हत्या
-उदवंतनगर थाना क्षेत्र के कसाप गांव में रविवार सुबह की घटना, पति सहित अन्य पर हत्या करने का आरोप

-उदवंतनगर थाना क्षेत्र के कसाप गांव में रविवार सुबह की घटना -चारपहिया वाहन के लिए पति सहित अन्य पर हत्या करने का आरोप -मायके वालों की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई कर पुलिस ने पति और सास को किया गिरफ्तार आरा/उदवंतनगर। हिन्दुस्तान संवाददाता भोजपुर के उदवंतनगर थाना क्षेत्र के कसाप गांव में दहेज के लिए एक विवाहिता की हत्या कर दी गई। मायके वालों की ओर से दहेज में चारपहिया वाहन नहीं मिलने से नाराज ससुराल वालों की ओर से गला घोंट कर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया जा रहा है। विवाहिता का शव रविवार की सुबह करीब नौ बजे उसके ससुराल में बरामदे से बरामद किया गया। मृत महिला कसाप गांव निवासी मनीष सिंह की 21 वर्षीया पत्नी सरिता कुमारी थी। उसकी शादी पिछले साल 14 मई को हुई थी। शादी की पहली साल गिरह के पहले ही उसे मार डाला गया। हत्या का आरोप विवाहिता के मनीष सिंह, ससुर रमेश सिंह और सास कलावती देवी पर लगाया गया है। मायके वालों की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विवाहिता के पति और सास को गिरफ्तार कर लिया है। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। संदेश थाना क्षेत्र के बिछियांव गांव निवासी मनोज कुमार ने बताया कि पिछले साल 14 मई को उसकी बहन सरिता कुमारी की शादी उदवंतनगर थाना क्षेत्र के कसाप गांव निवासी रमेश सिंह के पुत्र मनीष सिंह के साथ हुई थी। शादी के चार माह बाद से उसके ससुराल वालों की ओर से दहेज में चारपहिया वाहन की मांग की जाने लगी। चारपहिया वाहन देने में असमर्थता जताने पर उसकी बहन को प्रताड़ित किया जाने लगा। इससे परेशान होकर वह दो बार मायके भी आयी थी। तब उसके ससुर दुबारा गलती नहीं करने का वादा कर उसकी बहन को ससुराल ले गये थे। इसी बीच रविवार की सुबह सूचना मिली कि उसकी बहन जिंदा नहीं है। इस सूचना पर परिजन उसकी ससुराल पहुंचे, तो देखा कि वह मृत अवस्था में बरामदे में पड़ी है। ससुर सहित ससुराल के लोग भी फरार हैं। मनोज कुमार ने बहनोई मनीष सिंह, उसके पिता ससुर रमेश सिंह और मां कलावती देवी पर दहेज में चारपहिया वाहन के लिए अपनी बहन की गला दबा हत्या करने का आरोप लगाया है। बहरहाल, पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है। बताया जा रहा है कि सरिता पांच भाई और तीन बहनों में छोटी थी। घटना के बाद उसके मायके में कोहराम मच गया है। ...
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।