पारा 42 के पार, पछुआ से जीना बेहाल
पश्चिम चंपारण जिले में तापमान 42 डिग्री तक पहुंच गया है। गर्मी और पछिया हवा ने लोगों को परेशान कर दिया है। शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 6.1 डिग्री अधिक और न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री अधिक दर्ज...
बेतिया, कार्यालय संवाददाता। पश्चिम चंपारण जिले में पारा 42 डिग्री पर पहुंच गया है। गर्म पछिया हवा लोगों को झुलसाने लगी है। जिले में भीषण गर्मी पड़ने से दोपहर होते ही सड़कों पर सन्नाटा पसर जा रहा है। लू चलने से लोगों की परेशानियां बढ़ गई है। शनिवार को अधिकतम तापमान 42 और न्यूनतम 23.2 डिग्री दर्ज किया गया। डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विवि, पूसा के मौसम विज्ञान केंद्र के नोडल अधिकारी डॉ. ए सत्तार ने बताया कि आने वाले दिनों में मौसम शुष्क रहने के अनुमान हैं। अगले दो-तीन दिनों में तापमान में और बढ़ोत्तरी होने का अनुमान है।
यह 43 डिग्री तक जा सकता है। इस दौरान पछिया चलने के अनुमान हैं। तापमान अधिक रहने की वजह से हॉट डे की स्थिति रह सकती है। चनपटिया के रामसेवक महतो, सुरेश शर्मा, मनीष सिंह आदि ने बताया कि बीते दो-तीन दिनों में तेजी से गर्मी बढ़ी है। अब सुबह नौ बजे के बाद ही धूप बर्दाश्त नहीं हो पा रही है। पछुआ हवा की वजह से शरीर झुलस रहा है। दोपहर होते ही लोग घरों में दुबकने के लिए मजबूर हो रहे हैं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 6.1 डिग्री अधिक दर्ज किया गया है। यह सामान्य रूप से 35.9 डिग्री रहनी चाहिए। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक दर्ज किया गया है। यह सामान्य रूप से 20.4 डिग्री रहना चाहिए था।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।