पिपरासी की पहली महिला सिपाही बनी मनीषा भारती
घोड़हवा की मनीषा भारती ने प्रखंड की पहली महिला सिपाही बनने का गौरव प्राप्त किया है। उसे गया जिले में पोस्टिंग मिली है, जिससे गांव में खुशी का माहौल है। मनीषा ने संसाधनों के अभाव में पुलिस की तैयारी की...

पिपरासी, एक प्रतिनिधि। प्रखंड की पहली महिला सिपाही बनने का गौरव घोड़हवा की मनीषा भारती ने प्राप्त किया है। शुक्रवार को बिहार पुलिस के फाइल रिजल्ट में मनीषा को गया जिले में पोस्टिंग मिली है। इससे परिजनों के साथ गांव में लोगों में खुशी का माहौल है। गांव के मुखिया जोखू बैठा ने बताया कि डुमरी मुराडीह पंचायत के घोड़हवा गांव निवासी सुरेंद्र भारती की पुत्री मनीषा भारती संसाधनों के अभाव के बीच में पुलिस की तैयारी कर रही थी। उसका चयन होने से पंचायत का ही नहीं पूरे प्रखंड का नाम रोशन हुआ है। अभी तक इस प्रखंड से एक भी युवती का चयन पुलिस में नहीं हुआ था।
बीते दिनों शिक्षकों की बहाली में दर्जनों युवतियों के चयन के बाद प्रखंड की लड़कियों में भी नौकरी के प्रति ललक जगी है। यह दियारा क्षेत्र में भी महिला सशक्तीकरण के पहुंचने का सबूत है। मनीषा अपनी प्राथमिक पढ़ाई घोड़हवा विद्यालय से करने के बाद यूपी के मनकौरा से हाई स्कूल, इंटर व स्नातक की पढ़ाई की और पुलिस में जाने के लिए तैयारी में जुट गई। मनीषा के पिता सुरेंद्र भारती ने बताया कि जब उनकी लड़की अकेले दौड़ती थी तो लोग तरह तरह की बातें करते थे। आज उसकी सफलता पर बधाई दे रहे हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।