मिनी ट्रक के धक्के से उत्पाद विभाग के एक होमगार्ड जवान की मौत, एक जख्मी
भलजोर चेक पोस्ट की घटना भलजोर चेक पोस्ट की घटना उत्पाद विभाग की टीम कर रही थी शराब के लिए वाहन जांच मृतक बेलहर का था रहने वाला बौसी(बांका)

बौसी(बांका)। निज संवाददाता शनिवार की शाम भागलपुर हंसडीहा मार्ग पर भलजोर चेक पोस्ट पर मिनी ट्रक के धक्का से ड्यूटी पर तैनात उत्पाद विभाग के एक होमगार्ड जवान की मौत हो गई जबकि एक अन्य होमगार्ड घायल हो गया। मृतक की पहचान बांका जिला के बेलहर थाना के मटिहानी निवासी धथुरी यादव के पुत्र योगेंद्र यादव(35)के तौर पर हुई है जबकि जख्मी जवान की पहचान लालजी टुडू (पिता स्व बाबूलाल टुडू, घर सहदेवा नवाडीह, थाना जयपुर, बांका) के तौर पर हुई है। इस संबंध में उत्पाद विभाग के चेक पोस्ट प्रभारी अनि मधुसूदन यादव ने बताया कि शनिवार की शाम करीब 8 बजे के करीब भलजोर चेक पोस्ट पर उत्पाद विभाग के ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड के तीन जवान योगेंद्र यादव, लालजी टुडू एवं अशोक महल्दार वाहनों की जांच कर रहे थे।
इसी दौरान झारखंड की तरफ से आ रहे मिनी ट्रक जिस पर नारियल लदा हुआ था उसको रोका गया। उक्त ट्रक की जांच की जा रही थी तभी पीछे से एक गिट्टी लदे तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने नारियल लदे वाहन में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में योगेंद्र यादव की मौत हो गई, जबकि लालजी टुडू जख्मी हो गया। जबकि तीसरा जवान अशोक महल्दार बाल बाल बच गया। घटना के बाद दोनों को रेफरल अस्पताल लया गया। जहां ड्यूटी पर तैनात डॉ कुमार संजय सुमन ने योगेंद्र यादव को मृत घोषित कर दिया। जबकि जख्मी का इलाज कर अस्पताल से ही छुट्टी दे दी गई। दूसरी तरफ घटना की सूचना मिलते ही बौसी थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर सुधीर कुमार उक्त भाग रहे छर्री लदे गाड़ी को पकड़ लिया। पुलिस ने दोनों ही वाहन को जप्त करते हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों ही चालकों को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों वाहन को जप्त कर उसकी जांच की जा रही है। घटना के बाद बौसी रेफरल अस्पताल में उत्पाद विभाग के कर्मियों एवं आम लोगों की भीड़ जुट गई। बताया गया कि तीनों जवान करीब 2 महीने से भलजोर चेक पोस्ट पर ड्यूटी में तैनात थे। घटना के बाद उत्पाद विभाग के कर्मियों में शोक की लहर है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।