पंचायत उप चुनाव को लेकर सबकी नजरें बरियारपुर पश्चिमी पंचायत पर
खोदावंदपुर में पंचायत उप चुनाव की तैयारियों के तहत राजनीतिक गतिविधियाँ तेज हो गई हैं। 9 जुलाई को चुनाव होंगे, जिसमें बरियारपुर पश्चिमी पंचायत में मुखिया और पंचायत समिति सदस्य के पद खाली हैं। प्रभारी...

खोदावंदपुर, निज संवाददाता। पंचायती राज व्यवस्था के तहत रिक्त पदों पर होने वाले खोदावंदपुर प्रखंड में पंचायत उप चुनाव के आलोक में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। आगामी नौ जुलाई को खोदावंदपुर में पंचायत उप चुनाव करवाने की तिथि निर्धारित हो चुकी है। शांतिपूर्वक चुनाव सम्पन्न करवाने की तैयारी के लिए कर्मियों की प्रतिनियुक्ति प्रखंड निर्वाचन कार्यालय में कर दिया गया है। बरियारपुर पश्चिमी पंचायत में मुखिया व पंचायत समिति सदस्य का पद खाली है। इसलिए लोगों की नजरें बरियारपुर पश्चिमी पंचायत पर टिकी है। इस पंचायत में उप मुखिया प्रभारी मुखिया के रूप में काम कर रहे है। मिली जानकारी के अनुसार प्रभारी मुखिया इस उप चुनाव में मुखिया पद से प्रत्याशी बन सकते हैं।
पंचायत के अधूरे कार्यों को पूरा करने की क़वायद प्रभारी मुखिया द्वारा किया जा रहा है। इसके अलावे भी कई भावी प्रत्यासियों द्वारा जन सम्पर्क अभियान शुरू किया गया है। इस पंचायत से पंचायत समिति सदस्य के कई भावी उम्मीदवार भी अपनी तैयारी में जुट गए है। मतदाताओं से उनका हाल चाल पूछने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। भावी प्रत्याशियों द्वारा वार्ड क्षेत्र में घूम-घूमकर नल जल योजना, जॉब कार्ड, राशनकार्ड आदि के बारे में लोगों से जानकारी ली जा रही है। पंचायत उप चुनाव के तहत सागी पंचायत के वार्ड नं 7 में पंच, दौलतपुर पंचायत के वार्ड नं 7 में वार्ड सदस्य, बाड़ा पंचायत के वार्ड नं 1 में वार्ड सदस्य एवं वार्ड नं 11 में पंच, बरियारपुर पूर्वी पंचायत के वार्ड नं 8 में वार्ड सदस्य एवं फफौत पंचायत के वार्ड नं 4 में वार्ड सदस्य के रिक्त पदों पर भी चुनाव करवाया जाएगा। इस पंचायत उप चुनाव की अधिसूचना 13 जून को जारी की जाएगी। प्रत्याशी 14 से 20 जून तक अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं। नामांकन पत्रों की समीक्षा 21 से 23 जून तक की जाएगी। उम्मीदवार 25 जून तक अपना नाम वापस ले सकते हैं। 26 जून को उम्मीदवारों की अंतिम सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।