बड़ी सड़क दुर्घटनाओं के गवाह बनते रहे हैं कैमूर के लोग
कैमूर में सड़क दुर्घटनाओं की एक श्रृंखला में वर्ष 2020, 2021 और 2023 में कई लोगों की जान गई। 2023 में बम्हौर के एक परिवार के सात सदस्यों की मृत्यु हुई, जबकि 2021 में रामगढ़ में एक दुर्घटना में तीन लोग...

वर्ष 2023 में सात, वर्ष 2021 में तीन व वर्ष 2020 में पांच लोगों की हुई थी मौत मोहनियां के बम्हौर, रामगढ़ के गोड़सरा व तीसरी घटना में विभिन्न गांव के लोग मरे थे (पेज तीन) भभुआ, कार्यालय संवाददाता। बड़ी सड़क दुर्घटनाओं का कैमूरवासी गवाह बनते रहे हैं। इन घटनाओं में तीन से सात लोगों की मौत हो चुकी है। वर्ष 2020 में पहली जनवरी को मोहनियां के एनएच 30 पर हुई सड़क दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गई थी। जबकि वर्ष 2021 में सड़क हादसे में रामगढ़ के गोड़सरा निवासी दीपू पासवान, उनकी पत्नी सुगीता देवी व भाभी रुक्मिणी देवी की मौत हो गई थी। यह घटना तब हुई जब उनकी गाड़ी घर जाते समय मोहनियां-रामगढ़ पथ में पेड़ से टकरा गई थी। वर्ष 2023 में 30 अगस्त को सासाराम टोल प्लाजा पर हुई सड़क दुर्घटना में मोहनियां प्रखंड के बम्हौर गांव के एक परिवार की छह सदस्यों सहित सात लोगों की मौत हो गई थी। इस परिवार में सिर्फ 15 वर्षीया रितू शर्मा बची थी। उसकी 40 वर्षीया मां रानी देवी, 45 वर्षीया पिता अरविंद कुमार शर्मा, बहन 8 वर्षीया रिया कुमारी व 10 वर्षीय भाई आदित्य कुमार, दो चचेरी बहन 20 वर्षीया तारा कुमारी, 18 वर्षीया प्रियांशु कुमारी के अलावा करमचट थाना क्षेत्र के कुड़ारी गांव की सगी नानी की भी मौत हो गई। जबकि नाना, मामा व मामी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। भभुआ के परसियां के पास 27 अप्रैल को हुई सड़क दुर्घटना में चार दोस्तों की मौत हो गई, जिसमें बारे गांव निवासी घनश्याम तिवारी के 18 वर्षीय पुत्र आदित्य तिवारी, मनोज कुमार के पुत्र आदर्श कुमार, जितेंद्र सिंह के 23 वर्षीय पुत्र वीरेंद्र यादव व प्रभु गोंड के 22 वर्षीय पुत्र विकास कुमार शामिल हैं। इस घटना के बाद से गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।