निरीक्षण के दौरान मध्य विद्यालय में मिली खामियां
सुल्तानगंज में बीडीओ संजीव कुमार ने मध्य विद्यालय प्रखंड कॉलोनी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में गंदगी, कम संख्या में बच्चे, और किचन का अभाव पाया गया। प्रधान को पंखा लगाने और...

सुल्तानगंज। निज संवाददाता प्रखंड परिसर में स्थित मध्य विद्यालय प्रखंड कॉलोनी का गुरुवार को बीडीओ संजीव कुमार ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में कई खामियां पाई गई। मुख्य गेट की स्थिति देख उन्होंने नाराजगी जताई। विद्यालय परिसर में गंदगी पायी गयी, जिसकी सफाई का निर्देश दिया। विद्यालय कक्ष में पंखा नहीं रहने से बच्चों को हो रही परेशानी को देखते विद्यालय प्रधान को पंखा लगाने का निर्देश दिए। नामांकित बच्चे की संख्या से काफी कम बच्चे विद्यालय में पाए गए। बच्चों की संख्या बढ़ाने को कहा गया। विद्यालय में मध्याह्न भोजन खाने के लिए प्लेट की संख्या महज 15 पाई गई।
विद्यालय में किचन का अभाव देखा गया। वर्ग कक्ष में ब्लैकबोर्ड सादा देख उन्होंने कहा कि लगता है या तो पढ़ाई नहीं होती है या फिर ब्लैकबोर्ड का उपयोग नहीं किया जाता है। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका कल्पना रानी ने विद्यालय में चोरी होने की बात बताते चारदीवारी को ऊंचा कराने का अनुरोध किया। निरीक्षण के बाद विद्यालय में पाई गई। कमियों को दूर कराने के लिए बीडीओ ने प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी रेखा भारती को भी दिशा निर्देश दिए। बीडीओ संजीव कुमार ने बताया कि विद्यालय में चोरी की बात बताई गई। जिसके लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश दिया गया। साथ ही बच्चे ड्रेस में नहीं पाए गए, बच्चों को ड्रेस में विद्यालय आने के लिए कहा गया। निरीक्षण के दौरान पाई गई कमी की जानकारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को भी दी गई है और उन्हें इसका समाधान कराने को कहा गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।