घर के बने देसी घी की बात ही कुछ और होती है। एक तो इसकी शुद्धता की गारंटी होती है और फिर इसकी खुशबू और स्वाद, दोनों से बाजार के घी से कहीं बेहतर होता है। इसलिए आज भी ज्यादातर महिलाएं घर पर ही घी बनाना पसंद करती हैं। लेकिन घी निकालने का तरीका थोड़ा अटपटा जरूर होता है। खासतौर से ढेर सारी मलाई जमा करना और उसके बाद भी कई बार बहुत कम घी ही निकलता है। लेकिन आज हम आपको मलाई नहीं बल्कि दही से देसी घी निकालने का तरीका बता रहे हैं। ऐसे घी बनाएंगी तो प्रॉसेस भी आसान हो जाएगा और मलाई के मुकाबले ज्यादा घी निकलेगा। तो चलिए जानते हैं दही से घी निकालने का स्टेप बाय स्टेप प्रॉसेस। (Image Credit: Shikha's Kitchen)
ज्यादा घी निकले इसके लिए दही का सही होना जरूरी है। इसलिए हमेशा फुल फैट दूध की दही जमाने के लिए रखें। दही जितनी ज्यादा थिक होगी घी भी उतना ज्यादा निकलेगा। इसे अच्छे से 8-10 घंटों के लिए जमने दें। कोशिश करें कि दही को फ्रिज में जमने के लिए ना रखें, बल्कि उसे नेचुरल तरीके से जमने दें। इससे दही में फैट ज्यादा होता है और वो गाढ़ी जमती है।
रोज दही जमाएं और उसके ऊपर की गाढ़ी लेयर को एक अलग बर्तन में स्टोर कर लें। आप हफ्ते भर की दही इस तरह एक बर्तन में स्टोर कर सकती हैं और एक साथ ढेर सारा घी बनाकर तैयार कर सकती हैं। इस दही को फ्रिज में स्टोर करें ताकि वो खराब ना हो। बाकी की बची हुई दही को आप रोजाना खाने में इस्तेमाल कर सकती हैं।
ढेर सारी दही जमा होने के बाद जब घी बनाने की बारी आए, तो सबसे पहले इसका मक्खन निकालें। मक्खन निकालने के लिए एक व्हिस्कर या हैंड ब्लेंडर का इस्तेमाल करें। दही को लगातार फेंटे। इस दौरान आप दही में ठंडा पानी और कुछ बर्फ के टुकड़े डाल सकती हैं, इससे ढेर सारा मक्खन निकल आएगा। आपको लगभग 10 मिनट के लिए दही को लगातार फेंटना होगा।
अगर हाथ वाली कसरत नहीं करना चाहती हैं, तो मिक्सर में डालकर भी दही को फेंट सकती हैं। बस सारी दही को मिक्सर में डालें और इसमें फ्रिज का ठंडा पानी और बर्फ के कुछ टुकड़े डालें। अब जब एक थिक बैटर बन जाए और दही के ऊपर मक्खन के टुकड़े साफ तैरते दिखें, तब इसे मिक्सर से बाहर निकाल लें।
अब बारी है मक्खन को छाछ से अलग करने की। हाथ से मक्खन निकालें और उसे दबाते हुए सारी छाछ उसमें से अलग कर लें। मक्खन के इन टुकड़ों को साफ पानी से अच्छी तरह धो लें। इससे मक्खन की सारी खटास दूर हो जाएगी और घी बनाते हुए बदबू भी नहीं आएगी। (Image Credit: Shikha's Kitchen)
अब मीडियम आंच पर एक कढ़ाई रखें और उसमें मक्खन को पिघलने दें। जैसे ही मक्खन पूरी तरह मेल्ट हो जाए, तो गैस की फ्लेम धीमी कर दें। अब लगभग 10 मिनट के लिए इसे यूं ही पकने दें। थोड़ी सी ही देर में आपका भीनी भीनी खुशबू वाला देसी घी बनकर तैयार हो जाएगा।
घी बनने के बाद उसे अच्छी तरह ठंडा होने के लिए रख दें। अब किसी बारीक छन्नी की मदद से उसे छान लें। घी को कांच के जार में स्टोर करना अच्छा होता है क्योंकि इसमें घी लंबे समय तक फ्रेश रहता है।