सहरसा : महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल बनेगा मत्स्यगंधा
सहरसा में मत्स्यगंधा जलाशय का विकास किया जाएगा। इसके लिए 85 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। इस परियोजना में कई सुविधाएं जैसे सर्कुलर ग्लास ब्रिज, शोरवेनियर शॉप और म्यूजिकल फाउंटेन शामिल हैं। इससे...

सहरसा, नगर संवाददाता। बिहार राज्य पर्यटन विभाग के जीएम चंदन चौहान ने शुक्रवार को मत्स्यगंधा जलाशय का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि जिले के कई धार्मिक व एतिहासिक स्थल का विकास किया जाएगा। मत्स्यगंधा जलाशय के विकास के लिए निविदा प्रकियाधीन है। निविदा प्रकिया पूरी होने के बाद जब विकास का कार्य पूरा हो जाएगा तो इन ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों की जानकारी पूरे देश और दुनिया को मिलेगी। बीते जनवरी महीने के दौरान जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार प्रगति यात्रा के दौरान सहरसा आए थे तो इस दौरान उन्होंने उग्रतारा मंदिर, मंडन मिश्र धाम व मत्स्यगंधा जलाशय के विकास की घोषणा की थी।
जीएम ने बताया कि मत्स्यगंधा के अलावा मधेपुरा के सिहेश्वर और खगड़िया जिले में कात्यायनी स्थान भी भव्य तरीके से विकसित किया जाएगा। इसका भी निरीक्षण किया गया है। शहर के प्रमुख पर्यटक स्थल मत्स्यगंधा जलाशय के विकास पर करीब 85 करोड़ रुपये खर्च होगें। मत्स्यगंधा जलाशय का विकास 12 महीने में पूरा किया जाएगा।जीएम ने बताया कि तीन ओर से रास्ते का निर्माण किया जाएगा। मत्स्यगंधा झील को पर्यटन स्थल बनाने के लिए यहां करीब 85 करोड़ रुपये की राशि खर्च कर सेंट्रल एंट्रेंस प्लाजा, सर्कुलर ग्लास ब्रिज, झील के चारों ओर घाट का निर्माण, एक्सपीरियंस सेंटर, शोरवेनियर शॉप, टॉयलेट ब्लॉक, शॉप्स, फूड कोर्ट एंड एडमिन ब्लॉक, हाट, पार्किंग, तीन एंट्रेंस गेट, प्रॉमिनेंट एलिवेटेड वॉक वे, ब्रिज, सेंट्रल स्टैचू, म्यूजिकल फाउंटेन एड लाइट एंड साउंड शो, ट्री ऑफ़ लाइट एंड सुपर ट्रीज, सेंट्रल पाउंड, परफॉर्मेंस स्टेज, सेल्फी प्वाइंट, मेला ग्राउंड, पाथवे एंड कैंपस डेवलपमेंट विथ लैंडस्केप का निर्माण होगा। केंद्र सरकार ने मत्स्यगंधा झील के विकास के लिए 97.61 करोड़ रुपये स्वीकृत किया है । इससे स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे। मत्स्यगंधा झील परिसर में 22 आकर्षक संरचनाएं विकसित की जाएंगी। मत्स्यगंधा झील में बनने वाला ग्लास ब्रिज, राजगीर के बाद राज्य का दूसरा ग्लास ब्रिज होगा। इससे पर्यटकों को एक नया आकर्षण मिलेगा। जिससे स्थानीय लोगों को भी रोजगार के कई अवसर मिलेंगे। हस्तशिल्प, होटल, परिवहन जैसे क्षेत्रों में हजारों लोगों को काम मिलेगा। अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। केंद्र सरकार की मदद से मत्स्यगंधा झील परिसर में कई प्रकार की नई और आकर्षक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।