गर्मी संग उमस छुड़ाएगी पसीना
सूरज दहका तो 2.7 डिग्री सेल्सियस उछला दिन का पारा दक्षिण बिहार के बाद अब

भागलपुर, वरीय संवाददाता दक्षिण बिहार के जिले मंगलवार को इस कदर तपे कि इस क्षेत्र के दो से तीन जिलों में दिन का पारा 40.0 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया। गया में अधिकतम तापमान 42.8, डेहरी में 42.6 और औरंगाबाद में दिन का पारा 41.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। जो कि भागलपुर के अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस की तुलना में बहुत ज्यादा रहा। भारतीय मौसम विभाग के अनुमानों की मानें तो दक्षिण व दक्षिण-मध्य बिहार के तपने के बाद अब भागलपुर समेत पूर्वी बिहार के जिलों के दहकने की बारी आने वाली है। अगले दो से तीन दिन में दिन का पारा दो से तीन डिग्री की उछाल के कारण 40.0 डिग्री सेल्सियस के पार चले जाने की आशंका है। साथ ही उमस से भी लोगों का बुरा हाल होने वाला है। इस दौरान न केवल दिन में लू चलने की आशंका होगी, बल्कि रात भी उष्ण रहने का अनुमान है।
दिन में सूरज दहका तो सोमवार के मुकाबले मंगलवार को दिन का पारा 2.7 डिग्री सेल्सियस तक उछल गया। जबकि रात के तापमान में 0.3 डिग्री सेल्सियस की मामूली वृद्धि दर्ज की गई। मंगलवार को अधिकतम तापमान 38.4 व न्यूनतम 27.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य तापमान से क्रमश: 2.0 व 4.7 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। मंगलवार की सुबह साढ़े आठ बजे 86 प्रतिशत रही आर्द्रता शाम साढ़े पांच बजे तक कम होकर 61 प्रतिशत पर आ गई। जबकि बीते 24 घंटे में 7.1 किमी प्रतिघंटे की औसत रफ्तार से पूर्वी हवा बही।
27 तक चार डिग्री तक उछल सकता है दिन का तापमान
बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. बीरेंद्र कुमार ने बताया कि मंगलवार को प्राप्त संख्यात्मक मॉडल, उपग्रहीय तस्वीर एवं अन्य मौसमी विश्लेषण से ज्ञात होता है कि उत्तर-पश्चिम राजस्थान से हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश, झारखंड, गांगेय पश्चिम बंगाल होते हुए पूर्वी बांग्लादेश तक समुद्र तल से 0.9 किमी ऊपर बना पूर्व-पश्चिम गर्त अब कम स्पष्ट हो गया है। जबकि एक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण उत्तर-पश्चिम बिहार और इसके आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से 0.9 किमी ऊपर बना हुआ है। इसके अलावा एक और द्रोणिका उत्तर-पश्चिम बिहार और इसके आसपास के इलाके से होकर उप हिमालयी पश्चिम बंगाल, बांग्लादेश एवं दक्षिण असम होते हुए मणिपुर तक औसत समुद्र तल से 0.9 किमी ऊपर बनी हुई है। वहीं गुरुवार को एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिम हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। इन मौसमी कारकों के प्रभाव से बुधवार से लेकर 27 अप्रैल के बीच दिन का पारा तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक चढ़ेगा, जिससे दिन का पारा 40.0 डिग्री सेल्सियस को पार सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस की वृद्धि के साथ 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। पूर्वी हवाओं के प्रवाह के कारण वायुमंडल में नमी बढ़ी रहेगी, जिससे गर्मी संग उमस से लोगों का हाल बुरा रहेगा।
बीते पांच दिन से कुछ ऐसे चढ़ रहा दिन-रात का तापमान
तारीख अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान
18 अप्रैल 28.2 डिग्री सेल्सियस 20.6 डिग्री सेल्सियस
19 अप्रैल 32.8 डिग्री सेल्सियस 22.6 डिग्री सेल्सियस
20 अप्रैल 35.7 डिग्री सेल्सियस 25.0 डिग्री सेल्सियस
21 अप्रैल 35.7 डिग्री सेल्सियस 26.8 डिग्री सेल्सियस
22 अप्रैल 38.4 डिग्री सेल्सियस 27.0 डिग्री सेल्सियस
(मौसम संबंधी आंकड़ा भारतीय मौसम विभाग भागलपुर के अनुसार)
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।