Shahjangi Panchayat Faces Water Drainage and Development Issues Despite Proximity to Urban Areas बोले भागलपुर: शाहजंगी में नाला के पानी की निकासी की व्यवस्था हो, Bhagalpur Hindi News - Hindustan
Hindi NewsBihar NewsBhagalpur NewsShahjangi Panchayat Faces Water Drainage and Development Issues Despite Proximity to Urban Areas

बोले भागलपुर: शाहजंगी में नाला के पानी की निकासी की व्यवस्था हो

शाहजंगी पंचायत, जो निगम क्षेत्र के पास है, को जल निकासी और विकास की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। यहाँ नाला का पानी सड़कों पर बहता है और जल-नल योजना का लाभ सभी घरों को नहीं मिल रहा है। ग्रामीणों...

Newswrap हिन्दुस्तान, भागलपुरThu, 22 May 2025 08:50 PM
share Share
Follow Us on
बोले भागलपुर: शाहजंगी में नाला के पानी की निकासी की व्यवस्था हो

निगम क्षेत्र से सटा हुआ है जगदीशपुर प्रखंड का शाहजंगी पंचायत। पूर्व में राज्यसभा की तत्कालीन सांसद कहकशां परवीन ने इस पंचायत को गोद लिया था। शहरी क्षेत्र से सटे रहने और तत्कालीन सांसद द्वारा गोद लेने का असर पंचायत के विकास पर नहीं दिख रहा है। सबसे बड़ी समस्या नाला के पानी की निकासी का है। निकासी की व्यवस्था नहीं होने से सड़कों पर गंदा पानी बहता है। कई मोहल्लों में अभी तक घरों में जल-नल योजना का कनेक्शन नहीं पहुंचा है। लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि तीन पंचायत के नाले की पानी निकासी के लिए हथिया नाला की तरह नाला बनाने की जरूरत है।

भागलपुर-नाथनगर रेललाइन के दक्षिण में है शाहजंगी पंचायत। पंचायत के अंतर्गत 14 वार्ड की करीब 15 हजार आबादी है। पंचायत के अन्तर्गत बदरे आलमपुर, अशरफनगर, इस्लामपुर, अजीजनगर, खिलाफतनगर, अलीबाग, वारसलीगंज, हल्दीबाड़ा, पंखा टोली, मंसूरटोला, शाहजंगी, राजाबाड़ी आदि गांव हैं। यहां के अधिकांश लोग मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं। गांव की महिलाएं पापड़ और बीड़ी बनाती हैं। कुछ लोग लूम से जुड़े हुए हैं। क्षेत्र में कोई बड़ा उद्योग नहीं होने से रोजगार की भी बड़ी समस्या है। पंचायत के लोगों में इस बात की नाराजगी है कि शहरी क्षेत्र से सटे रहने के बावजूद गांव की भी सुविधा नहीं मिल रही है। नाला के पानी की निकासी की व्यवस्था नहीं है। लेकिन कोई समाधान नहीं निकल रहा है। बड़ा नाला बनाकर पानी निकासी की व्यवस्था करनी चाहिए। नल-जल योजना का भी लाभ सभी घरों को नहीं मिल रहा है। कई जगहों पर कूड़े का अंबार लगा रहता है।

पंचायत की मुखिया बीबी तरन्नुम ने बताया कि पंचायत में सबसे बड़ी समस्या नाला के पानी की निकासी की है। घरों का गंदा पानी सड़क पर बहने लगता है। कुछ जगहों का नाला का पानी तालाब में जाता है। नाला की सफाई करायी जाती है। लेकिन 10 दिन में ही भर जाता है। कई बार सांसद,विधायक और प्रखंड के अधिकारियों से शिकायत की गयी। शाहजंगी और इमामपुर पंचायत के अलावा हबीबपुर नगर पंचायत के नाला के पानी निकासी के लिए एक बड़ा नाला का निर्माण होना चाहिए। नल-जल योजना की भी पंचायत में अच्छी स्थिति नहीं है। शाहजंगी पहाड़ के पास एक स्टेट बोरिंग है। लेकिन उससे पर्याप्त पानी नहीं निकलता है। वहां एक और बोरिंग हो तो जलापूर्ति में सुधार हो सकता है। कई वार्ड में पीने के पानी का संकट बना हुआ है। पंचायत स्तर पर जो फंड मिलता है उससे थोड़ा-बहुत काम कराया जाता है। पंचायत के मो.मोनाजिर ने बताया कि मिनी जलमीनार कई जगहों पर काम नहीं कर रहा है। पंचायत में स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। पंचायत की बड़ी आबादी है। लेकिन एक भी हाईस्कूल नहीं है। तत्कालीन राज्यसभा सांसद कहकशां परवीन ने पंचायत को गोद लिया था। लेकिन विकास की कोई बड़ी योजनाओं का लाभ पंचायत को नहीं मिला।

वार्ड नौ के वार्ड सदस्य मो. आजाद ने बताया कि वार्ड में करीब 200 घरों में पानी का कनेक्शन गया है। लेकिन उसमें से मात्र 50 घरों को ही पानी मिल रहा है। मो. ताहिद ने बताया कि वार्ड नम्बर एक में पाइप नहीं रहने के चलते लोगों को पानी नहीं मिल रहा है। मो. सरफराज ने बताया कि पानी की समस्या सभी वार्डों में है। सात निश्चय योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। मुखिया प्रतिनिधि मो. सिराज ने बताया कि पंचायत में अस्पताल नहीं है। वार्ड आठ में अस्पताल का निर्माण कार्य चल रहा है। जल्द ही निर्माण कार्य पूर्ण होने की उम्मीद है। छह वार्ड में ही सफाई हो पा रही है। कूड़ा उठाव करने का संसाधन नहीं है। जेसीबी से कूड़ा उठवाना पड़ता है। सोलर लाइट की भी व्यवस्था अच्छी नहीं है। चार वार्ड में अभी तक सोलर लाइट नहीं लगा है।

बोले जिम्मेदार

हबीबपुर नगर पंचायत के अलावा इमामपुर और शाहजंगी पंचायत में नाला के पानी की निकासी की बड़ी समस्या है। प्रखंड स्तर पर बड़ा नाला बनाने के लायक फंड नहीं है। योजना विभाग को एक करोड़ से अधिक राशि का प्राक्कलन के साथ प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है। योजना की स्वीकृति के बाद ही नाला के पानी की निकासी की व्यवस्था हो सकती है। हर घर नल का जल योजना की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। पीएचईडी को सभी घरों में जलापूर्ति की व्यवस्था करने को कहा गया है। शाहजंगी पंचायत में एक 12 बेड का बड़ा अस्पताल बन रहा है। एक हाईस्कूल की व्यवस्था पंचायत में होनी चाहिए।

रघुनंदन आनंद, बीडीओ, जगदीशपुर

बड़ी बातचीत

नाला के पानी निकासी की व्यवस्था नहीं होने से जलजमाव

शाहजंगी पंचायत की मुखिया बीबी तरन्नुम ने बताया कि पंचायत की सबसे बड़ी समस्या नाला के पानी की निकासी की है। इसके कारण पंचायत के नालों का पानी शाहजंगी तालाब में जाता है या इलाके के गड्ढों और सड़कों पर जमा हो जाता है। स्थानीय सांसद, विधायक और जिला प्रशासन को इस समस्या पर ध्यान देकर समाधान करना चाहिए। बारिश होने पर जलजमाव के कारण सड़क समेत पूरे इलाके की स्थिति और भी बदतर हो जाती है। नाला के पानी की निकासी के लिए बड़ा नाला निर्माण कराने की जरूरत है, जिससे शाहजंगी समेत आसपास के कई पंचायतों के नाला का पानी मुख्य नाला में निकल जाएगा। पंचायत की तमाम विकास योजनाओं में तेजी लाकर नागरिकों को जरूरी सुविधाओं का लाभ पहुंचाने की जरूरत है।

2.पंचायत में जलापूर्ति की पर्याप्त व्यवस्था हो

शाहजंगी पंचायत के मो. सरफराज ने बताया कि पंचायत के विभिन्न वार्डो में जलापूर्ति पर्याप्त मात्रा में नहीं होने के चलते लोगों को दूसरी जगहों से पानी ढोकर लाना पड़ता है। लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग की लापरवाही के कारण बोरिंग होने के बावजूद लोगों के घरों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। कई जगहों पर पाइपलाइन बिछाया गया है, लेकिन घरों तक उसका कनेक्शन नहीं किया गया, जबकि कुछ जगहों पर कनेक्शन होने के बावजूद बोरिंग और मोटर कमजोर होने के कारण पानी नहीं पहुंच रहा है। मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना का लाभ पंचायत के ग्रामीणों को नहीं मिल पा रहा है, जिसके कारण पानी की समस्या बढ़ गई है। फिलहाल जो स्टेट बोरिंग है उससे पंचायत के लोगों की जरूरत पूरी नहीं हो पाती है।

3.शाहजंगी पंचायत में हो हाईस्कूल की व्यवस्था

स्थानीय निवासी मो. आजाद ने बताया कि शाहजंगी पंचायत में हाईस्कूल की व्यवस्था होनी चाहिए, जिससे छात्र छात्राओं को पढ़ाई में सहूलियत हो। हाईस्कूल नहीं होने के कारण लड़कियों को काफी परेशानी होती है। वर्तमान में छात्राओं को उर्दू गर्ल्स स्कूल असानंदपुर, मुस्लिम हाई स्कूल समेत दूर दराज के स्कूलों में जाने के लिए रेलवे लाइन पार करना पड़ता है। इसके कारण हमेशा खतरे की आशंका बनी रहती है। परेशानी और अनहोनी की आशंका से छात्राओं की पढ़ाई बाधित होती है। कबीरपुर रेलवे ओवर ब्रिज पर लाइट के लिए हाई मास्ट लाइट की व्यवस्था की जानी चाहिए, जिससे अंधेरे में आवागमन की असुविधा दूर हो सके। शाहजंगी मेला मैदान में खराब पड़ी हाईमास्ट लाइट को ठीक कराने की जरूरत है, जिससे वहां आने जाने वालों को परेशानी नहीं हो।

4.पारिश्रमिक कम, काम छोड़ रहे सफाईकर्मी

शाहजंगी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि मो. सिराज ने बताया कि पंचायत मे साफ सफाई की व्यवस्था को बेहतर करने के लिए और अधिक सफाईकर्मी उपलब्ध कराना चाहिए। सफाईकर्मियों की पारिश्रमिक राशि काफी कम होने के कारण कई मजदूर काम छोड़ दिए हैं। सरकार द्वारा सफाई व्यवस्था को बेहतर करने के लिए कर्मियों की मजदूरी बढ़ाई जानी चाहिए। वर्तमान में प्रतिदिन सौ रुपये पारिश्रमिक देने का प्रावधान है। कम आय के कारण परिवार के भरण पोषण के लिए सफाईकर्मी काम छोड़ दूसरी जगह चले जाते हैं। पर्याप्त संख्या में कूड़ादान की व्यवस्था नहीं होने के कारण कई जगहों पर कूडादान नहीं लग सका है, जिससे क्षेत्र के लोगों को कूड़ा फेंकने में भी परेशानी होती है। प्रशासन का सहयोग मिले तो पंचायत में साफ सफाई व्यवस्था दुरुस्त होगी।

छोटी बातचीत

1. शाहजंगी पंचायत के बदरे आलमपुर में पेयजल के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। जलजमाव की समस्या दूर हो इसके लिए बड़ा नाला निर्माण कर उसे मुख्य नाला से जोड़ने की जरूरत है।

मो. तौहीद

2. शाहजंगी वार्ड नंबर 8 में बोरिंग से पाइप और मोटर निकाल लिया गया है, जिससे समस्या बढ़ गई है। मिनी बोरिंग की व्यवस्था कई जगहों पर फेल है जिसके कारण काफी परेशानी होती है। इसे जल्द ठीक किया जाना चाहिए।

मो. हैदर खान

3.परबत्ती की रजक काली मंदिर रोड की ओर से बड़े नाला का निर्माण कराकर इसे मुख्य नाला से जोड़ दिया जाय तो पानी की निकासी की समस्या का समाधान हो सकता है। जल निकासी होने से लोगों को राहत मिलेगी।

मो. सोहेल अंसारी

4.सफाईकर्मियों की कमी से परेशानी हो रही है। सफाईकर्मियों को मात्र सौ रुपये प्रतिदिन पारिश्रमिक देने का प्रावधान है। इसके चलते सफाईकर्मी काम छोड़ रहे हैं। कर्मियों की मजदूरी बढ़ाई जानी चाहिए।

मो. इजहार

5.शाहजंगी पंचायत में घरों के पानी निकासी के लिए पंचायत स्तर पर नाला निर्माण किया गया है, लेकिन इन नालों को मुख्य नाला से जोड़ने की कोई व्यवस्था अभी तक नहीं की गई है। जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

फैज अहमद

6.पर्याप्त संख्या में कूड़ादान की व्यवस्था नहीं होने के कारण कई जगहों पर कूड़ादान नहीं लग सका है। क्षेत्र के लोगों को कूड़ा फेंकने में भी परेशानी होती है। पंचायत के सभी वार्डों में कूड़ेदान की व्यवस्था होनी चाहिए।

मो. शाहीन

7.नूरपुर पंचायत का पानी भी बहकर शाहजंगी पंचायत स्थित तालाब में आता है, जिसके कारण बारिश के दिनों में शाहजंगी पंचायत और यहां रहने वालों की स्थिति बदतर हो जाती है। कई जगहों पर घुटने भर पानी में गुजरना पड़ता है।

हासिम अंसारी

8.शाहजंगी मेला मैदान में लगा हाईमास्ट लाइट कई वर्षों से खराब पड़ा हुआ है। यहां हर साल मेला लगता है। हाईमास्ट लाइट की तत्काल ठीक करने की जरूरत है। विभाग से कई बार इसकी शिकायत की गयी है।

मो. मोनाजिर

9.कबीरपुर पुल रेलवे ओवर ब्रिज के पास अंधेरा रहता है। जिसके कारण यहां से गुजरने वालों को काफी परेशानी होती है। ओवरब्रिज पर वेपर लाइट की व्यवस्था करनी चाहिए, जिससे आवागमन में असुविधा नहीं हो।

शाहरूख

10.शाहजंगी वार्ड नंबर चार खिलाफतनगर में पानी की पाइपलाइन बिछाई गई है, लेकिन लोगों को पानी की सुविधा नहीं मिल पाती है। चार साल पहले बोरिंग हो चुका है, पर टंकी नहीं लगने के कारण जलापूर्ति नहीं हो पाती है।

मो. टिंकू

11. कूड़ा उठाने वालों को महज सौ रुपये प्रतिदिन के हिसाब से भुगतान की जाती है, जो काफी कम है। इसके कारण कई मजदूरों ने दूसरा विकल्प तलाश लिया। सफाई कर्मियों को न्यूनतम मजदूरी का लाभ मिलना चाहिए।

मो. ख्वाजा मुराद

12. पंचायत में कोई बड़ा उद्योग और रोजगार की व्यवस्था नहीं है। पंचायत के लोग पलायन कर रहे हैं। धार्मिक दृष्टि से भी यह क्षेत्र महत्वपूर्ण है, लेकिन इसके विकास के लिए सिर्फ आश्वासन और दावे ही किए जाते रहे हैं।

मो. सोहराब

समस्या

1. शाहजंगी पंचायत में नाला के पानी निकासी के लिए कोई बड़ा नाला नहीं है, जिसके कारण जल जमाव की समस्या हो जाती है।

2. पेयजल और घरेलू कार्यो के लिए शाहजंगी पंचायत में पानी की पर्याप्त आपूर्ति नहीं होने से ग्रामीणों को पानी की समस्या से जूझना पड़ता है।

3. धार्मिक दृष्टिकोण से शाहजंगी पंचायत काफी महत्वपूर्ण है। लेकिन विकास करना तो दूर यहां पर मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव है।

4. शाहजंगी पंचायत में हाईस्कूल की व्यवस्था नहीं होने के कारण पंचायत के छात्र-छात्राओं को पढ़ने के लिए काफी दूर जाना पड़ता है।

5. शाहजंगी पंचायत में रोजगार की कोई व्यवस्था नहीं है, जिसके कारण बड़ी आबादी पलायन करने को मजबूर हो गई।

सुझाव

1. पानी की निकासी के लिए बड़े नाला का निर्माण करना चाहिए। ताकि सड़कों पर नाला का पानी जमा नहीं हो सके।

2. एक और स्टेट बोरिंग की व्यवस्था करने के साथ पुरानी सभी बोरिंग दुरूस्त कराना चाहिए, जिससे सभी घरों में जलापूर्ति की व्यवस्था हो सके।

3. खराब पड़े सभी हाई मास्ट लाइट और पोल पर लगे लाइट को दुरूस्त कराना चाहिए, जिससे अंधेरे में लोगों को परेशानी नहीं हो।

4. शाहजंगी पंचायत की आबादी को देखते हुए एक हाईस्कूल खुलना चाहिए। ताकि छात्र और छात्राओं की पढ़ाई बाधित नहीं हो।

5. साफ-सफाई की व्यवस्था दुरूस्त रखने के साथ जगह-जगह कूड़ेदान की व्यवस्था होनी चाहिए, जिससे गंदगी और बीमारियों से बचाव हो सके।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।