Teacher Shot in Janakinagar During Attempted Robbery Now Out of Danger पूर्णिया: बाइक सवार बदमाशों ने शिक्षक को मारी गोली, Bhagalpur Hindi News - Hindustan
Hindi NewsBihar NewsBhagalpur NewsTeacher Shot in Janakinagar During Attempted Robbery Now Out of Danger

पूर्णिया: बाइक सवार बदमाशों ने शिक्षक को मारी गोली

जानकीनगर में एक शिक्षक को स्कूल जाते समय दो बदमाशों ने गोली मार दी। गोली उनकी कमर में लगी, जिसे सफल ऑपरेशन के बाद निकाल दिया गया है। घटना का प्राथमिक दृष्टिकोण से छिनतई का मामला प्रतीत हो रहा है।...

Newswrap हिन्दुस्तान, भागलपुरThu, 15 May 2025 05:37 PM
share Share
Follow Us on
पूर्णिया: बाइक सवार बदमाशों ने शिक्षक को मारी गोली

जानकीनगर, एक संवाददाता। गुरूवार सुबह लगभग 6.30 बजे में अपने घर से स्कूल जा रहे एक शिक्षक को अपाची बाईक पर सवार दो हथियार बंद बदमाशों ने गोली मार दी। गोली उनकी कमर में लगी। पूर्णिया में सफल आपरेशन के बाद गोली निकाल दी गयी है। अब शिक्षक खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया यह मामला छिनतई का लग रहा है। हालांकि, गोली मारने के कारण का अभी खुलासा नहीं हो पाया है। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना जानकीनगर थाना पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बनमनखी सुबोध कुमार एवं जानकीनगर थानाध्यक्ष परीक्षित पासवान सदल-बल घटनास्थल पहुंच कर जांच-पड़ताल शुरू कर दिया।

घटना के संबंध में बताया गया कि सहायक शिक्षक 41 वर्षीय मो.जुनैद हाजी पिता मो.वासिल वार्ड 12 पंचायत बिसहरिया थाना भरगामा जिला अररिया अहले -सुबह अपने बाईक से अपने स्कूल मध्य विद्यालय चैनपुरा जानकीनगर के लिए रवाना हुए। इसी बीच पूर्णिया-सहरसा राष्ट्रीय राजमार्ग एन एच 107 पर पूर्णिया-मधेपुरा थाना सीमा पर नारायण आईटीआई कालेज के नजदीक एक अपाची बाईक पर सवार दो बदमाशों ने जबरन बंदूक की नोंक पर उन्हें रोक लिया। बाइक से उतारकर अपने बाइक पर साथ ले जाने का प्रयास किया। इसी बीच सहायक शिक्षक बाइक छोड़कर गांव की ओर शोर-मचाते हुए भागने लगे। शोर सुनकर घटनास्थल के पास मक्का काट रहे किसान दौड़े। किसानों को आते देख कर बाईक सवार बदमाशों ने सहायक शिक्षक पर गोली दाग दी। जानकीनगर थानाध्यक्ष परिक्षित पासवान ने बताया कि पीड़ित सहायक शिक्षक अभी इलाजरत हैं तथा परिजनों की ओर से भी लिखित आवेदन अब तक नहीं मिला है। लिखित आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेत्तर कार्रवाई की जाएगी। शिक्षक ने मोबाइल पर स्कूल को दी घटना की जानकारी : घायल सहायक शिक्षक ने अपने मोबाईल से अपने स्कूल के अध्यापकों को घटना की जानकारी दी। जानकारी मिलते ही शिक्षक एवं स्थानीय लोगों की मदद से घायल सहायक शिक्षक को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुरलीगंज में भर्ती कराया। जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जीएमसीएच अस्पताल पूर्णिया रेफर कर दिया। जहां ऑपरेशन कर कमर में फंसे गोली को निकाला गया। रास्ते में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस : इधर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बनमनखी सुबोध कुमार के नेतृत्व में जानकीनगर थानाध्यक्ष परीक्षित पासवान, चकमका ओपी प्रभारी प्रिंस कुमारी एवं रूपेश्वरी ओपी प्रभारी सुष्मिता कुमारी बदमाशों के भागने के रास्ते में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर छापेमारी कर रहे हैं। घायल सहायक शिक्षक मध्य विद्यालय चैनपुरा जानकीनगर में उर्दू शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं। छिनतई का लग रहा मामला : एसडीपीओ : अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बनमनखी सुबोध कुमार ने बताया कि अबतक सहायक शिक्षक को गोली मारने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पहली नजर में यह छिनतई का मामला प्रतीत होता है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बनमनखी ने स्कूल पहुंचकर शिक्षक-शिक्षिकाओं से घंटों पूछताछ भी की।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।