हिलसा में किसानों को मिला उन्नत खेती का प्रशिक्षण
हिलसा में किसानों को मिला उन्नत खेती का प्रशिक्षण हिलसा में किसानों को मिला उन्नत खेती का प्रशिक्षण

हिलसा में किसानों को मिला उन्नत खेती का प्रशिक्षण किसानों को रासायनिक उर्वरकों के बजाय जैविक खेती अपनाने की सलाह अनुदान पर बीज मुहैया कराने का मिला आश्वासन फोटो: 26हिलसा03: हिलसा प्रखंड कार्यालय में सोमवार को खरीफ महाअभियान के तहत किसानों को प्रशिक्षण देते अधिकारी। हिलसा, निज प्रतिनिधि। प्रखंड कार्यालय में सोमवार को शारदीय खरीफ महाअभियान के तहत प्रशिक्षण सह उत्पादन वितरण महोत्सव का आयोजन किया गया। इसमें किसानों को वैज्ञानिक तरीके से खेती करने, फसल की विविधता अपनाने और पराली जलाने से होने वाले नुकसान के बारे में जागरूक किया गया। ताकि, वे बेहतर उपज प्राप्त कर सकें और अपनी आय बढ़ा सकें।
प्रशिक्षण में कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को खेत की सिंचाई, जैविक खेती के फायदे और रासायनिक उर्वरकों के इस्तेमाल से होने वाले नुकसान के बारे में विस्तार से बताया। महोत्सव का उद्घाटन प्रखंड प्रमुख मनोज पासवान, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी सत्येंद्र कुमार, बीडीओ अमर कुमार और प्रखंड कृषि पदाधिकारी रामानुज प्रसाद ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। अनुमंडल कृषि पदाधिकारी ने किसानों को धान, गेहूं, दलहन के साथ बेबी कॉर्न और स्वीट कॉर्न की खेती पर भी जोर देने को कहा। उन्होंने बताया कि बेबी कॉर्न 50 से 52 दिनों में और स्वीट कॉर्न 80 से 85 दिनों में तैयार हो जाता है। जिससे कम खर्च में अधिक मुनाफा कमाया जा सकता है। कहा कि पराली जलाने से मिट्टी की उर्वरता कम होती है, मिट्टी के प्राकृतिक पोषक तत्व और फसलों के सहायक मित्र कीट नष्ट हो जाते हैं। साथ ही पर्यावरण भी प्रदूषित होता है। प्रखंड कृषि पदाधिकारी ने बताया कि किसानों को अनुदान पर धान और मोटे अनाज का बीज तीन से चार दिनों में उपलब्ध कराया जाएगा। कृषि वैज्ञानिकों ने श्री विधि और जीरो टिलेज से धान की सीधी बुआई के लिए किसानों को प्रेरित किया। मौके पर कृषि वैज्ञानिक कुंदन कुमार, प्रमोद कुमार, अजय शंकर व सैकड़ों किसान मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।