Dancer Attacked by Thugs After Orchestra Program in Darbhanga ऑर्केस्ट्रा की नर्तकी ने आत्मरक्षा में भांजा चाकू, तीन युवक जख्मी, Darbhanga Hindi News - Hindustan
Hindi NewsBihar NewsDarbhanga NewsDancer Attacked by Thugs After Orchestra Program in Darbhanga

ऑर्केस्ट्रा की नर्तकी ने आत्मरक्षा में भांजा चाकू, तीन युवक जख्मी

दरभंगा में एक ऑर्केस्ट्रा प्रोग्राम से लौट रही नर्तकी पर आधा दर्जन उचक्कों ने हमला किया। नर्तकी ने आत्मरक्षा में चाकू चलाया, जिससे तीन युवक घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती...

Newswrap हिन्दुस्तान, दरभंगाSat, 10 May 2025 12:43 AM
share Share
Follow Us on
ऑर्केस्ट्रा की नर्तकी ने आत्मरक्षा में भांजा चाकू, तीन युवक जख्मी

दरभंगा। बिरौल थाना क्षेत्र के विशनपुर गाछी के पास करीब आधा दर्जन उचक्कों ने ऑर्केस्ट्रा प्रोग्राम देकर गुरुवार की देर रात घर लौट रही नर्तकी को टेंपू से खींचकर जमकर उसकी पिटाई की। नर्तकी ने उनसे बचने के लिए आत्मरक्षा में चाकू भांजना शुरू किया। इस दौरान पेट में चाकू लगने से तीन युवक जख्मी हो गए। इनमें से एक युवक के पेट से आंत बाहर आ गई। उचक्कों की पिटाई से नर्तकी भी गंभीर रूप से जख्मी हो गई। सभी को इलाज के लिए डीएमसीएच के इमरजेंसी विभाग पहुंचाया गया। वहां के क्रिटिकल केयर यूनिट में उनका इलाज चल रहा है।

इनमें से नर्तकी के अलावा एक युवक की स्थिति गंभीर बनी हुई है। नर्तकी की पहचान यूपी के गोरखपुर की वीणा कुमारी की पुत्री खुशी कुमारी (20)के रूप में की गई है। बताया जाता है कि वह घनश्यामपुर थाने के पुनहद में किराए के घर में रहती है। चाकू लगने से जख्मी युवक शिवनगरघाट निवासी विजय कांत मिश्रा के पुत्र शिवम मिश्रा (19) व सत्यम मिश्रा (18 ) के अलावा वहीं के शिवम सिंह (20) बताए जाते हैं। कई घंटे के बाद होश में आने पर खुशी ने बताया कि बिरौल थाने के पोखराम गांव में उपनयन कार्यक्रम के दौरान ऑर्केस्ट्रा का कार्यक्रम भी रखा गया था। वह कई अन्य डांसरों के साथ ऑर्केस्ट्रा में डांस करने गई थी। उसने बताया कि कार्यक्रम के बाद वह उद्घोषक महादेव के अलावा डांसर आफरीन, मंजू आदि के साथ टेंपू से घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में करीब आधा दर्जन युवकों ने टेंपो को घेर लिया। उसका बाल पकड़कर उन लोगों ने उसे टेंपू से बाहर खींच लिया। इसके बाद वे उसे बुरी तरह पीटने लगे। आत्मरक्षा में उसने चाकू भांजा। वहीं दूसरी ओर डॉक्टरों ने जख्मी शिवम सिंह की जान बचाने के लिए करीब तीन घंटे तक उसका ऑपरेशन किया। तीनों जख्मी युवक खुशी कुमारी पर हमला करने की बात से इनकार कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि वे ऑर्केस्ट्रा देखकर घर लौट रहे थे। रास्ते में युवती की पिटाई होते उन्होंने उसे बचाने का प्रयास किया। बचाने के क्रम में उन्हें चाकू लग गया। बहरहाल इतनी बड़ी घटना होने के बावजूद गुरुवार की शाम तक पुलिस को इसकी खबर नहीं लगी थी। शाम तक कोई भी पुलिस पदाधिकारी जख्मियों का बयान दर्ज करने इमरजेंसी विभाग नहीं पहुंचे। जख्मी नर्तकी की देखरेख के लिए भी कोई भी वहां नहीं था। होश आने के बाद नर्तकी बेड पर बैठकर बिलख- बिलखकर रो रही थी। ऑर्केस्ट्रा पार्टी के संचालक उसे अपने हाल पर छोड़कर फरार हैं। सूत्रों के अनुसार दो दिनों पहले एक पार्टी में कुछ युवक जबरन खुशी पर डांस करने का दबाव बना रहे थे। युवती के इनकार करने से वे बेहद आक्रोशित थे। उसी खुन्नस को लेकर युवती पर हमला किए जाने की आशंका जताई जा रही है। इस संबंध में पूछने पर बिरौल थानाध्यक्ष विशाल कुमार सिंह ने कहा कि उन्हें इस संबंध में अब तक किसी तरह की सूचना नहीं दी गयी है। आवेदन मिलने पर आवश्यक कार्रवाई होगी।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।