दहेज में बहू से मांग ली किडनी; मना किया तो... विवाहिता के सनसनीखेज आरोप से हर कोई हैरान
मुजफ्फरपुर जिले में ससुराल वालों ने बहू से दहेज में किडनी मांग ली। जिसको लेकर विवाहिता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। ससुराल वालों ने कहा कि अगर दहेज नहीं ला सकती, तो अपनी एक किडनी पति को दे दो।

बिहार के मुजफ्फरपुर से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां ससुरालियों पर बहू से दहेज में किडनी मांगने का आरोप लगा है। जिसकी शिकायत भी विवाहिता ने खुद पुलिस थाने में कराई है। दरअसल महिला के पति की एक किडनी खराब है। जिसके चलते उसके परिजन बहू पर किडनी डोनेट करने का दबाव बना रहे हैं। दहेज नहीं लाने पर किडनी मांगी जा रही है। पीड़िता का आरोप है कि किडनी देने से मना करने पर उसके साथ मारपीट हुई और उसे घर से निकाल दिया गया।
पीड़िता दीप्ति की शिकायत पर महिला थाना में केस नंबर 38/25 दर्ज कर लिया है। पति समेत ससुराल पक्ष के चार लोगों को आरोपी बनाया गया है। जानकारी देते हुए ग्रामीण एसपी विद्यासागर ने बताया कि मिठनपुरा थाना क्षेत्र की एक महिला ने अपने पति और ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जिसकी जांच की जा रही है। विवाहिता के मुताबिक उसकी शादी साल 2021 में बोचहां थाना क्षेत्र के युवक से हुई थी।
शादी के बाद कुछ दिनों तक सब ठीक चला, लेकिन कुछ महीने बाद ससुराल वालों का बर्ताव बदलने लगा। शादी के दो साल बाद उसे पता चला कि उसके पति की एक किडनी खराब है। तो ससुराल वाले इस बात का ताना देने लगे कि दहेज नहीं ला सकी तो एक किडनी पति को दे दों। पहले ये बात सामान्य तौर पर कही गई। फिर इस बात को लेकर दबाव बनाया जाने लगा। उसके साथ मारपीट हुई, और घर से भी निकाल दिया। जिसके बाद अब अब मामला पुलिस की चौखट पर पहुंचा है वहीं इस मामले पर पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी है। जिन लोगों के खिलाफ आरोप है, उन्हें गिरफ्तार कर सजा दिलाई जाएगी।