यातायात थाना ने ढाई माह में 17 लाख रुपये जुर्माना वसूला
किशनगंज में यातायात पुलिस द्वारा नियमों का पालन कराने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने कहा है कि हेलमेट पहनकर और नियमों का पालन करते हुए बाइक चलाने से दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है। पिछले ढाई...

किशनगंज, संवाददाता। आम लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए यातायात पुलिस के द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। यातायात थाना की पुलिस नियम तोड़ने वालों के विरुद्ध इन दिनों सख्त हो गई है। यातायात पुलिस का भी स्पष्ट शब्दों में कहना है कि आम लोगों को यातायात नियमों का पालन करना चाहिए। हेलमेट लगाकर व यातायात नियमों का पालन कर बाइक चलाते हुए यातायात नियमों का पालन करेंगे तो दुर्घटना नहीं होगी साथ किसी प्रकार का जुर्माना भी नहीं लगेगा। यातायात थानाध्यक्ष धन प्रसाद ने बताया कि यातायात नियमों का पालन करते हुए हेलमेट लगाकर बाइक चलाएंगे तो दुर्घटना से बचाव होगा।
साथ ही यातायात नियमों के तहत ट्रिपल लोडिंग बाइक नहीं चलाएंगे। यातायात थानाध्यक्ष ने कहा कि नियम सबों के लिए एक बराबर है। कोई भी यातायात नियमों का उल्लंघन न करे। नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों से जुर्माना भी वसूल किया जा रहा है। पिछले ढाई माह में जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने के मामले में 17 लाख रुपए जुर्माना लगाया गया है। यह आंकड़ा मार्च, अप्रैल से 22 मई तक का है। जिसमें बिना हेलमेट के बाइक चलाने,नो पार्किंग,बिना इंश्योरेंस वाहन चलाने व यातायात नियमों का उल्लंघन करने को लेकर जुर्माना लगाया गया है। यह जुर्माना शहरी क्षेत्र में लगाया गया है। वहीं यातायात थानाध्यक्ष ने भी लोगों से अपील की है की हेलमेट पहनकर ही बाइक चलाये। हेलमेट पुलिस के डर से नहीं स्वयं की सुरक्षा के लिए लगाएं। जिले में लगातार वाहन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए व्यवस्था को दुरुस्त किया जा रहा है। चालान काटे जाने के लिए हैंड हेल्ड डिवाइस मशीन भी उपलब्ध हैं।फिलहाल मुख्य थानों सदर थाना, ठाकुरगंज थाना,बहादुरगंज थाना, कोचाधामन थाना व यातायात थाने में ये व्यवस्था उपलब्ध है। शहर में अवैध पार्किंग ,अवैध रूप से वाहन लगाने वालों पर भी अभियान चलाकर जुर्माना लगाया जाएगा। ताकि यातायात व्यवस्था को दुरुस्त किया जा सके।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।