महिला संवाद कार्यक्रम: महिलाओं की बना आवाज
बिहार सरकार की 'महिला संवाद कार्यक्रम' के तहत मुंगेर में 45 दिनों से 12 ग्राम संगठनों में जीविका दीदियों से संवाद किया जा रहा है। महिलाओं ने ब्याज दरों में कमी, स्थानीय उद्योग, छात्राओं को लैपटॉप,...

मुंगेर, एक संवाददाता। महिला सशक्तिकरण की दिशा में बिहार सरकार की प्रेरणादायक पहल 'महिला संवाद कार्यक्रम' के तहत मुंगेर जिले में विगत 45 दिनों से संवाद रथों के माध्यम से 12 ग्राम संगठनों में जीविका दीदियों से सीधा संवाद किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी देना, उनकी समस्याएं जानना और उनकी आकांक्षाओं को नीतिगत निर्णयों में शामिल करना है। आज यह कार्यक्रम महिलाओं की आवाज बन रही है। रविवार को हवेली खड़गपुर प्रखंड के बरूई और दरियापुर पंचायतों में संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें महिलाओं ने ब्याज दर में कटौती, स्थानीय स्तर पर उद्योग स्थापना, गैस सिलेंडर के दाम कम करने, छात्राओं को लैपटॉप व स्कूटी देने, कॉलेज व सैनिटरी वेंडिंग मशीन की स्थापना जैसे मुद्दे उठाए।
वहीं, प्रशिक्षण केंद्र की मांग भी प्रमुख रही। इसी तरह से तारापुर प्रखंड के धोबई पंचायत में महिलाओं ने शौचालय राशि बढ़ाने, पशु अस्पताल, खेल मैदान, विवाह भवन, जीविका भवन, वृद्धा पेंशन में वृद्धि, प्ले स्कूल व स्वास्थ्य सेवाओं की मांग की। इसके साथ ही अगरबत्ती, पापड़ और सिलाई प्रशिक्षण की भी मांग रखी गई। वहीं, धरहरा प्रखंड के इटवा पंचायत में स्वरोजगार, गुणवत्तापूर्ण राशन, शौचालय निर्माण तथा ऋण माफी की मांग सामने आई। जबकि, बरियारपुर प्रखंड के झौआ बहियार पंचायत में गर्ल्स स्कूल, सामुदायिक पुस्तकालय, कुटीर उद्योग, बैंक, पीपा पुल, सोलर प्लेट, जैविक खेती के प्रशिक्षण और सामुदायिक भवन की आवश्यकता जताई गई।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।