महिला संवाद में 16 हजार आकांक्षाओं का हुआ निराकरण
मुजफ्फरपुर में 1500 महिला संवाद आयोजित किए गए हैं, जिसमें तीन लाख से अधिक महिलाएं शामिल हुईं। उनकी समस्याएं जैसे पेंशन, शौचालय और आवास को डीएम के माध्यम से हल किया जा रहा है। महिला संगठन ने सुरक्षा और...

मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता जिले में अब तक 1500 स्थानों पर महिला संवाद हो चुका है। इसमें तीन लाख से ज्यादा महिलाएं शामिल हुईं हैं। इसमें उनकी छोटी-छोटी समस्याएं दर्ज कर डीएम के माध्यम से विभागों में भेजी जा रही हैं। डीएम के नेतृत्व में जन आकांक्षाओं के निवारण के लिए लगातार समीक्षा की जा रही हैं। अब तक 16 हजार आकांक्षाओं का निवारण हो चुका है। इसमें पेंशन शौचालय, आवास, आंगनबाड़ी जैसी समस्याएं प्रमुख हैं। महिला संवाद में विभिन्न प्रखंडों में अलग-अलग ग्राम संगठनों में महिलाओं से आकांक्षाएं ली जा रही हैं। अधिकतर आकांक्षाएं गांव में बैंक, सड़क, सोलर लाइट, सोख्ता, नल जल, लाइब्रेरी, विवाह भवन, सामुदायिक भवन, जीविका भवन महिला सुरक्षा आदि की हैं।
बोचहा प्रखंड की देवगन पंचायत के आदर्श जीविका महिला ग्राम संगठन में आयोजित महिला संवाद में ग्राम संगठन की कुंती देवी ने कहा कि जीविका से जुड़ने के बाद अब कर्ज के लिए साहूकार के पास नहीं जाना पड़ता है। अब लोन लेकर अपनी जरूरतें पूरी करते हैं। छोटा-मोटा रोजगार और खेती-किसानी करते हैं। उन्होंने सरकार से चार किलो की जगह प्रति व्यक्ति दस किलो राशन की मांग रखी। वहीं, अन्य दीदियों ने कहा कि मनरेगा में मजदूरी किए हैं और करना चाहते हैं पर मनरेगा में मजदूरी बहुत कम मिलती है। मजदूरी बढ़ाकर पांच सौ रुपए कर देना चाहिए। महिलाओं ने कहा कि गांवों में कुछ स्थान सुरक्षित नहीं हैं। यहां सुरक्षा के लिए पुलिस की व्यवस्था होनी चाहिए।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।