संकर बीज से जिले में बढ़ेगा धान का उत्पादन
मुजफ्फरपुर में कृषि विभाग किसानों को धान की खेती बढ़ाने के लिए चार नए संकर बीज उपलब्ध कराएगा। इसका उद्देश्य धान के उत्पादन को एक लाख टन बढ़ाना और 13888 हेक्टेयर अधिक भूमि में खेती करना है। इससे...

मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। जिले में धान की खेती का क्षेत्रफल और उत्पादन बढ़ाने के लिए कृषि विभाग किसानों को प्रोत्साहित करेगा। इसके लिए किसानों को पहली बार चार तरह का संकर बीज विभाग उपलब्ध कराएगा। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय विकास योजना (डीपीआर) के तहत बीज का वितरण किया जाएगा। कृषि मुख्यालय ने जिले में 13888 हेक्टेयर अधिक भूमि में धान की खेती कराने का लक्ष्य रखा है। उत्पादन में भी अधिकतम एक लाख टन पैदावार बढ़ाने का निर्देश अधिकारियों को दिया है। विभाग की अपर सचिव कल्पना कुमारी ने जिला कृषि कार्यालय को एक पत्र लिखा है, जिसमें कहा गया है कि धान की पैदावार के मामले में देश के अग्रणी प्रदेश में बिहार को शामिल किया जाना है।
इसके लिए धान उत्पादन में वृद्धि को लेकर किसानों को आधुनिक तरीके से खेती के तौर-तरीके अपनाने को प्रोत्साहित करना होगा। इसलिए सरकार ने धान का उत्पादन बढ़ाने के लिए पहली बार संकर बीज किसानों को उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। जबकि धान आच्छादन के रकबा में भी 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी करने का लक्ष्य है। इससे ना केवल उत्पादन बढ़ेगा, बल्कि किसानों की आमदनी भी बढ़ेगी। प्रति हेक्टेयर के लिए 15 किलो बीज मिलेगा एक किसान को प्रति हेक्टेयर 15 किलो ग्राम बीज दिया जाएगा। जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि अभी तक जिले में 1.35 लाख हेक्टेयर में धान की खेती होती रही है। इसमें 13888 हेक्टेयर क्षेत्रफल और जोड़ा जाना है। साथ ही उत्पादकता को भी बढ़ाकर प्रति हेक्टेयर तीन हजार किलो ग्राम से ऊपर ले जाने का लक्ष्य है। इसके लिए किसानों को हर तरह की तकनीकी और अन्य भौतिक सुविधाएं विभाग उपलब्ध कराएगा। धान के उत्पादन और आच्छादन के रकबे को बढ़ाने के लिए विभागीय मुख्यालय से मिले निर्देशों का पालन किया जाएगा। इसके लिए जिले को तीन करोड़ रुपये उपलब्ध कराए गए हैं। इस राशि का उपयोग कर किसानों को उन्नत प्रजाति के धान के बीज दिये जायेंगे। सुधीर कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।