मौसम : तेज हवा संग बारिश के आसार, ठनका गिरने की आशंका
- बादलों की आवाजाही के बीच दो डिग्री तक गिरा पारा, नमी बढ़ी - कल

मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। मौसम विभाग ने सोमवार को जिले में तेज हवा के साथ बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। साथ ही ठनका गिरने के साथ ही ओले पड़ने की भी संभावना जताई है। इस बीच रविवार को बादलों की लुकाछिपी के बीच तापमान में दो डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई। इस कारण अधिकतम तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री नीचे और न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.1 डिग्री कम रहा।
कृषि विवि, पूसा के वरीय मौसम वैज्ञानिक डॉ. ए. सत्तार ने बताया कि जिले के आसमान में अभी भी प्रति चक्रवात की स्थिति बनी हुई है। साथ ही पश्चिमी विक्षोम का असर दिख रहा है। इसके चलते करीब 20 किमी की रफ्तार से हवा के साथ बारिश की संभावना है। उन्होंने इस स्थिति के मंगलवार शाम तक बने रहने की संभावना जताई है। कहा कि बुधवार से फिर तापमान में तेज वृद्धि हो सकती है।
रविवार को अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री दर्ज किया गया। इस बीच हवा में नमी की औसत मात्रा सुबह में 84 और दोपहर दो बजे 71 प्रतिशत रही। वहीं 15 किमी की गति से पूरे दिन पुरवा हवा चलती रही।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।