Women Empowerment in Bihar Achieving Social and Economic Growth Through Government Programs घूंघट में रहने वाली महिलाएं बदल रहीं समाज का चेहरा, Muzaffarpur Hindi News - Hindustan
Hindi NewsBihar NewsMuzaffarpur NewsWomen Empowerment in Bihar Achieving Social and Economic Growth Through Government Programs

घूंघट में रहने वाली महिलाएं बदल रहीं समाज का चेहरा

मुजफ्फरपुर में महिलाएं सरकारी योजनाओं से लाभ उठाकर समाज में नई पहचान बना रही हैं। शिक्षा और प्रशासन में उनकी भागीदारी बढ़ रही है। महिला संवाद कार्यक्रम के माध्यम से वे अपने विकास की कहानी साझा कर रही...

Newswrap हिन्दुस्तान, मुजफ्फरपुरTue, 29 April 2025 09:16 PM
share Share
Follow Us on
घूंघट में रहने वाली महिलाएं बदल रहीं समाज का चेहरा

मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। राज्य की महिलाएं सरकार की योजनाओं से लाभान्वित होकर समाज में एक मुकाम बना रही हैं। सामाजिक व आर्थिक रूप से सशक्त बनकर महिलाएं समाज को नई दिशा दे रही हैं। सामाजिक बंधनों से बाहर निकलकर शिक्षा से लेकर प्रशासनिक क्षेत्र में महिलाओं की सहभागिता बढ़ रही है।

जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि जनप्रतिनिधि के तौर पर भी महिलाएं अपनी पहचान बना रही हैं। राज्य सरकार की ओर से शुरू किये गये महिला संवाद कार्यक्रम के माध्यम से महिलाएं मुखर होकर अपने विकास की कहानी से प्रेरणा दे रही हैं। गांव के विकास को लेकर महिलाओं व छात्राओं को मंथन करते देख पुरुष वर्ग भी उनका सहयोग कर रहे हैं। जिले के 16 प्रखंडों में 3507 ग्राम संगठनों की ओर से महिला संवाद का आयोजन किया जाना है। अबतक 500 से अधिक ग्राम संगठनों की ओर से प्रतिदिन 2 महिला संवाद कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। संवाद में शामिल महिलाओं व छात्राओं ने शिक्षा एवं सामुदायिक विकास, स्वरोजगार व प्रशिक्षण के अवसरों के सृजन, स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने के मुद्दों को प्रमुखता से रखा है। महिला संवाद कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूह के सहयोग से महिला स्वावलंबन, सशक्तीकरण व आत्मनिर्भरता की मिसाल कायम करनेवाली महिलाओं, विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित छात्राओं को उनकी उपलब्धि बताने के लिए विशेष तौर पर आमंत्रित किया जा रहा है। महिलाओं ने कहा है कि पहले वो घर से भी बाहर कदम नहीं रखती थीं, लेकिन अब वह गांव समाज को नेतृत्व प्रदान कर रही हैं।

महिला संवाद के आयोजन में जीविका महिला ग्राम संगठन स्तर पर गठित आयोजन समिति अहम भूमिका निभा रही है। ग्राम संगठन की अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष के अलावा सामाजिक कार्य समिति की सदस्य दीदियां भी कार्यक्रम में शामिल हो रही हैं। प्रत्येक ग्राम संगठन में लगभग दो घंटे तक चलने वाले महिला संवाद कार्यक्रम में महिलाओं को तीन लघु विडियो फिल्म के माध्यम से सरकार की ओर से महिलाओं व छात्राओं के लिए चलायी जा रही योजनाओं के बारे में अवगत कराया जा रहा है। योजनाओं पर आधारित लीफलेट और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पत्र को लेकर महिलाओं एवं छात्राओं के साथ खुला संवाद किया जा रहा है। अंत ने उपस्थित महिलाओं व छात्राओं की ओर से सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन, घरेलू हिंसा के प्रति सजगता व महिलाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए संकल्प लिया जा रहा है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।