बिहार से जुड़े न्यू इंडिया कोऑपरेटिव बैंक घोटाले के तार, मधुबनी में मुंबई EOW का छापा
महाराष्ट्र के न्यू इंडिया कोऑपरेटिव बैंक में कथित 122 करोड़ रुपये के घोटाले की जांच कर रही मुंबई आर्थिक अपराध इकाई (EOW) ने गुरुवार को बिहार के मधुबनी में छापेमारी की।

महाराष्ट्र के न्यू इंडिया कोऑपरेटिव बैंक में करोड़ों रुपये के घोटाले के तार बिहार से जुड़े हैं। मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई (ईओडब्ल्यू) की टीम ने गुरुवार को मधुबनी में गुरुवार को छापेमारी करने पहुंची, जिससे हड़कंप मच गया। ईओडब्ल्यू ने दोपहर बाद करीब 3 बजे मधुबनी में वाटसन स्कूल के पास स्थित डिजिटल दुनिया शोरूम में छापेमारी की। टीम में आधा दर्जन अधिकारी शामिल रहे। प्रतिष्ठान के मैनेजर को टीम अपने साथ ले गई। लैपटॉप एवं अन्य दस्तावेजों को भी जब्त किए जाने की चर्चा है। छापेमारी के दौरान नगर थाने के दारोगा मुरली पासवान भी मौजूद रहे।
बताया गया कि मधुबनी स्थित डिजिटल दुनिया का शोरूम महाराष्ट्र के एक पूर्व मंत्री के भाई का है। उसका संबंध मधुबनी जिले के राजनगर थाना क्षेत्र के एक गांव से है। नगर थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि मुंबई से आर्थिक अपराध इकाई की पांच सदस्यीय टीम पहुंची थी। स्थानीय पुलिस के सहयोग से डिजिटल दुनिया शोरूम की तलाशी ली गई। उन्होंने किसी की गिरफ्तारी की बात से इनकार कर दिया।
उधर, आर्थिक अपराध इकाई की टीम के मधुबनी पहुंचने से हड़कंप मचा रहा। आनन-फानन में कुछ दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठानों का शटर डाउन कर दिया। देर शाम तक ईओडब्ल्यू टीम के मधुबनी में होने की चर्चा रही। बता दें कि न्यू इंडिया कोऑपरेटिव बैंक में 122 करोड़ रुपये की हेराफेरी की गई। मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा इसकी जांच कर रही है।