छह नगर निकायों में आम चुनाव सहित 51 सीटों पर उपचुनाव 28 को
बिहार में 28 जून को छह नगर निकायों में आम चुनाव और 51 सीटों पर उपचुनाव होंगे। वोटों की गिनती 30 जून को होगी। राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव की प्रक्रिया के लिए आदेश जारी किया है। नामांकन की प्रक्रिया 28...

बिहार के छह नगर निकायों में आम चुनाव सहित 51 सीटों पर उपचुनाव 28 जून को होगा। 30 जून को वोटों की गिनती होगी। चुनाव परिणाम जारी किया जाएगा। राज्य निर्वाचन आयोग ने शनिवार को इससे संबंधित आदेश जारी कर दिया। पूर्वी चंपारण की नगर पंचायत, मेहसी और पकड़ीदयाल, रोहतास की नगर पंचायत, कोचस, पटना की नगर पंचायत खुसरूपुर और नौबतपुर में कार्यकाल समाप्त हो जाने के कारण तथा नगर पंचायत विक्रम में 20 अगस्त 2025 को समाप्त हो रहे कार्यकाल को लेकर आम चुनाव होगा, जबकि, 28 जिलों की 51 सीटों पर उपचुनाव होगा। इसमें मुख्य पार्षद के तीन, उप मुख्य पार्षद के तीन और वार्ड पार्षद के 45 सीटों पर उपचुनाव के लिए वोट डाले जाएंगे ।
आयोग ने आम चुनाव और उप चुनाव को लेकर नवादा, औरंगाबाद, शिवहर, दरभंगा, मधेपुरा, किशनगंज, शेखपुरा एवं जमुई को छोड़कर शेष सभी जिलों के जिला निर्वाचन पदाधिकारी,नगरपालिका सह जिलाधिकारी को आदेश जारी किया है। इसके साथ ही, चुनाव से संबंधित जिलों के चुनाव क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। यह वोटों की गिनती के बाद समाप्त होगी। आयोग के अनुसार, आम/उप चुनाव के लिए 28 मई को निर्वाची पदाधिकारी की ओर से सूचना का प्रकाशन किया जाएगा। इसके साथ ही नामांकन की प्रक्रिया शुरू होगी। 5 जून तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। 6 जून से 9 जून तक नामांकन पत्रों की जांच होगी। 10 जून से 12 जून तक नामांकन पत्र वापस लिए जाएंगे। 13 जून को उम्मीदवारों की अंतिम सूची का प्रकाशन एवं चुनाव चिह्न का आवंटन किया जाएगा। 28 जून को सुबह सात बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। 30 जून को मतगणना 8 बजे सुबह से शुरू होगी और चुनाव परिणाम जारी कर दिए जाएंगे। एक नजर : 1 - इन नगर निकायों में होगा आम चुनाव - पूर्वी चंपारण की नगर पंचायत, मेहसी - पूर्वी चंपारण की नगर पंचायत पकड़ीदयाल - रोहतास की नगर पंचायत, कोचस - पटना की नगर पंचायत खुशरूपुर - पटना की नगर पंचायत नौबतपुर - पटना की नगर पंचायत विक्रम 2- 28 जिलों में होगा उप चुनाव :- अररिया, अरवल, बांका, बेगूसराय, भागलपुर, भोजपुर, बक्सर, गया जी, गोपालगंज, जहानाबाद, कैमूर, कटिहार, खगड़िया, लखीसराय, मधुबनी, मुंगेर, मुजफ्फरपुर, नालंदा, पश्चिम चंपारण, पूर्णिया, पूर्वी चंपारण, सहरसा, समस्तीपुर, सारण, सीतामढ़ी, सिवान, सुपौल, वैशाली । मुख्य पार्षद की सीटें जहां होना है उपचुनाव - बांका की नगर परिषद, बांका - गया जी की नगर पंचायत, खिजरसराय - सीवान की नगर पंचायत, मैरवा उप मुख्य पार्षद की सीटें जहां होना है उप चुनाव - बक्सर की नगर परिषद, बक्सर - गया जी की नगर परिषद, बोधगया - सारण की नगर पंचायत, एकमा बाजार
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।