गया में रेप कर महिला की हत्या? नग्न हालत में सड़क किनारे मिली लाश, चेहरा और दोनों हाथ पर जख्म
- बिहार के गया में पीट पीटकर एक महिला की हत्या कर दी गयी। उसके साथ दुष्कर्म की भी आशंका जताई जा रही है। महिला की पहचान करने में पुलिस जुट गयी है।

बिहार के गया में एक महिला का नग्न हालत में शव मिलने से सनसनी फैल गयी है। जिले के फतेहपुर में महिला की लाश सड़क किनारे पड़ी थी। उसके बदन पर कपड़े नहीं थे लेकिन चेहरे को काले गमछा से बांध दिया गया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दिया है। बेरहमी से पीट पीटकर उसकी हत्या की गई। माना जा रहा है कि दुष्कर्म करने के बाद बदमाशों ने उसे मौत के घाट उतार दिया।
बिहार में एक बार फिर एक नारी दरिंदगी का शिकार बनी। गया में पीट पीटकर एक महिला की हत्या कर दी गयी है। उसके साथ दुष्कर्म की भी आशंका जताई जा रही है। महिला की पहचान करने में पुलिस जुट गयी है। डेड बॉडी फतेहपुर थाना इलाके के गोपी मोड़ के पास गया-रजौली स्टेट हाइवे 70 पर सड़क किनारे पड़ा था। स्थानीय लोगों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने कहा है कि किसी दूसरे जगह पर हत्या करके शव को यहां फेंका गया है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। महिला के चेहरे पर जख्म के निशान पाए गए। उसका दोनों हाथ भी जख्मी है।
पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। लाश मिलने के आस पास के इलाके में छानबीन की जा रही है। पुलिस ने बताया है कि महिला की हत्या कहीं और की गई लगती है। एफएसएल एक्सपर्ट की मदद से छानबीन कराई जाएगी। हालांकि पुलिस दुष्कर्म को लेकर कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। जिस काले गमछे से महिला का चेहरा बांधा गया उसे जब्त कर लिया गया है। गमछे की फॉरेंसिक जांच कर पुलिस हत्यारों तक पहुंच सकती है। चौकीदार के माध्यम से पुलिस आस पास के इलाके में मृतका की पहचान कराने में जुटी है। स्थानीय लोगों ने हत्यारोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।