मैनिएक गाने पर हनी सिंह की मुश्किलें बढ़ीं, एक्ट्रेस पहुंचीं हाई कोर्ट; याचिका दायर
पटना हाई कोर्ट में एक्ट्रेस ने सिंगर यो यो हनी सिंह के खिलाफ जनहित याचिका दायर की है। इस याचिका में लेटेस्ट सॉन्ग मैनिएक में डबल मीनिंग शब्दों का इस्तेमाल कर महिलाओं का अश्लील चित्रण करने का आरोप लगाया गया है।

सिंगर यो यो हनी सिंह के हाल ही में रिलीज हुए गाने 'मैनिएक' पर विवाद बढ़ता जा रहा है। अब एक फिल्म अभिनेत्री ने उनके खिलाफ अदालत का दरवाजा खटखटाया है। हनी सिंह के खिलाफ पटना हाई कोर्ट में जनहित याचिका दायर की गई है। इसमें हनी सिंह के मैनिएक सॉन्ग में औरतों का अश्लील ढंग से चित्रण करने और अश्लीलता फैलाने का आरोप लगाया गया है। इसमें भोजपुरी भाषा का डबल मीनिंग रूप में इस्तेमाल किए जाने पर भी आपत्ति जताई गई।
एक्ट्रेस नीतू चंद्रा की ओर से बुधवार को वकील निवेदिता निर्विकार ने पटना हाई कोर्ट में जनहित याचिका दायर की। याचिका में कहा गया कि डबल मीनिंग शब्दों का इस्तेमाल किए जाने से गानों में अश्लीलता और अधिक बढ़ गई है।
इसमें आरोप लगाया गया है कि ऐसे गानों का बच्चों, महिलाओं एवं समाज के अन्य सभी वर्गों पर बुरा प्रभाव पड़ता है। भोजपुरी भाषा के शब्दों का उपयोग कर महिलाओं का बहुत खराब चित्रण किया गया है। महिलाओं के लिए अपशब्दों का खुलेआम इस्तेमाल भोजपुरी गानों में किया जा रहा है। इन पर न तो कोई रोक है और न ही किसी तरह का दिशा-निर्देश ही जारी किया गया।
अर्जी में कहा गया है कि संविधान के मूलभूत अधिकारों में बोलने और अपनी भावनाओं को व्यक्त करने का अधिकार है। लेकिन इसकी एक सीमा है। इसका उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने का प्रावधान है। इन्हें सख्ती से लागू किया जाना चाहिए। मामले पर 7 मार्च को सुनवाई की संभावना है।