मुंबई में बिका इंडिया का सबसे महंगा घर, कीमत ₹703 करोड़, किसने खरीदा
फार्मा कंपनी यूएसवी की मालकिन लीना गांधी तिवारी ने मुंबई के वर्ली में समुद्र किनारे बने सुपर लक्जरी अपार्टमेंट 'नमन जाना' के दो डुप्लेक्स फ्लैट्स कुल 703 करोड़ रुपये में खरीदे हैं, जो भारत की अब तक की सबसे महंगी रिहायशी प्रॉपर्टी डील बन गई है।

भारत के लक्जरी रियल एस्टेट ने आज एक ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। फार्मा कंपनी यूएसवी की मालकिन लीना गांधी तिवारी ने मुंबई के आलीशान इलाके वर्ली सी फेस में समुद्र किनारे बने दो डुप्लेक्स अपार्टमेंट्स खरीदे हैं। कीमत? पूरे 639 करोड़ रुपये। यह भारत में अब तक का सबसे महंगा रेजिडेंशियल फ्लैट सौदा है, लेकिन कुल खर्चा यहीं खत्म नहीं हुआ, स्टॉम्प ड्यूटी और जीएसटी में अतिरिक्त 63.9 करोड़ रुपये चुकाने पड़े। यानी, कुल मिलाकर यह डील पहुंची 703 करोड़ रुपये के तक। रियल एस्टेट जानकारों ने इसकी पुष्टि की है।
क्या है इन फ्लैट्स की खासियत?
ये दोनों डुप्लेक्स फ्लैट्स वर्ली सी फेस पर बनी नई 40 मंजिला इमारत 'Naman Xana' के बेहद ऊंची मंजिलों (32वीं से 35वीं) पर स्थित हैं। इनका कुल क्षेत्रफल है 22,572 वर्ग फुट। यानी हर वर्ग फुट की कीमत हुई 2.83 लाख रुपये से भी ज्यादा! यह भारत में फ्लैट की अब तक की सबसे ऊंची प्रति वर्ग फुट कीमत है।
इन फ्लैट्स से दिखता है शानदार अरब सागर का बेहतरीन नजारा और मुंबई के मशहूर 'गोल्डन गेट' ब्रिज का मनोरम दृश्य। बारिश के मौसम में यहां से खंडाला जैसी रोमांचक धुंध भी नजर आती है। सबसे बड़ी बात यह कि समुद्र और ब्रिज के इन अद्भुत नज़ारों को हमेशा के लिए सुरक्षित रखा गया है। आगे समुद्र किनारे कोई नई इमारत नहीं बनेगी जो इन दृश्यों को रोके।
क्या कहते हैं एक्सपर्ट?
बिजनेस स्टैंडर्ड की खबर के मुताबिक मुंबई का लक्जरी रियल एस्टेट बाज़ार लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है। CRE मैट्रिक्स के सीईओ अभिषेक किरण गुप्ता कहते हैं, "इस तरह के सौदे हमें हैरान नहीं करते। ये फ्लैट्स सचमुच बेमिसाल हैं। समुद्र, ब्रिज और धुंध का अनोखा संगम और वो भी हमेशा के लिए सुरक्षित।"
लीना गांधी तिवारी कौन हैं?
दौलत: $3.9 अरब (लगभग ₹32,500 करोड़) फोर्ब्स के मुताबिक (मई 2025)
पद: भारत की जानी-मानी दवा कंपनी USV प्राइवेट लिमिटेड की चेयरपर्सन।
विरासत: कंपनी के संस्थापक विठ्ठल बालकृष्ण गांधी की पोती
परिवार
- पति प्रशांत तिवारी (IIT+कॉर्नेल पढ़े) USV के मैनेजिंग डायरेक्टर हैं
- बेटी अनीशा गांधी तिवारी (MIT से पीएचडी) 2022 से बोर्ड में हैं
- बेटा विलास तिवारी भी बोर्ड में शामिल
वर्ली अमीरों की नई पसंद
लीना अकेली नहीं, जिन्होंने यहां करोड़ों के फ्लैट खरीदे हैं। उदय कोटक (बैंकर) ने पूरी समुंदर किनारे की बिल्डिंग ₹2.90 लाख/वर्ग फुट के हिसाब से ₹400 करोड़+ में खरीदी। तन्या दुबाश (गोदरेज परिवार) ने भी नमन जाना में ₹225 करोड़ का डुप्लेक्स लिया है। नेराव पारेख (बार्न्स्ले फुटबॉल क्लब चेयरमैन) और उनकी माँ ने यहाँ ₹170 करोड़ में फ्लैट्स खरीदे। मेट्रो ब्रांड्स के प्रमोटर्स ने लोअर परेल में ₹405 करोड़ का फ्लैट लिया।