आधार या OTR फॉर्म, SSC भर्ती के लिए कौन सी जानकारी होगी मान्य; आयोग ने कर दिया साफ
SSC ने आधार प्रमाणीकरण को लेकर फैली गलतफहमियों पर विराम लगा दिया है। अब भर्ती में उम्मीदवार द्वारा OTR फॉर्म में भरी गई जानकारी को ही अंतिम माना जाएगा, आधार की जानकारी को नहीं।

कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने स्पष्ट किया है कि mySSC मोबाइल ऐप में आधार प्रमाणीकरण सेवाओं को शामिल करने को लेकर उम्मीदवारों के बीच जो भ्रम फैला है, उस पर अब स्थिति साफ हो गई है। आयोग ने 4 जून 2025 को एक नोटिस जारी करते हुए बताया कि भर्ती प्रक्रियाओं में उम्मीदवारों द्वारा One Time Registration (OTR) फॉर्म में दर्ज की गई जानकारी को ही अंतिम माना जाएगा, न कि आधार कार्ड में मौजूद विवरण को।
OTR में दर्ज जानकारी ही होगी मान्य
नोटिस के मुताबिक, कई उम्मीदवार यह जानना चाह रहे थे कि OTR फॉर्म में दर्ज नाम, जन्मतिथि, पता जैसे विवरण अगर आधार से मेल न खाएं, तो क्या आधार की जानकारी को प्राथमिकता दी जाएगी। इस पर आयोग ने दो टूक जवाब दिया है कि OTR में दी गई जानकारी ही सभी भर्ती प्रक्रियाओं में मान्य होगी, और आधार की जानकारी केवल पहचान की पुष्टि के उद्देश्य से इस्तेमाल की जाएगी।
आधिकारिक नोटिस में यह भी बताया गया कि यह प्रक्रिया आयोग की वेबसाइट पर 23 मई 2025 को अपलोड की गई आधार नीति के अनुसार की जा रही है। आधार प्रमाणीकरण का उद्देश्य सिर्फ यह सुनिश्चित करना है कि आवेदन करने वाला व्यक्ति वही है जो वह दावा कर रहा है, यानी असली पहचान की पुष्टि करना, न कि जानकारी को बदलना।
उम्मीदवारों के लिए क्या है जरूरी?
- SSC की किसी भी भर्ती में अगर आपने OTR में कोई जानकारी भरी है, तो उसी जानकारी को अंतिम रूप से स्वीकार किया जाएगा, चाहे वह आधार से अलग क्यों न हो।
- आधार का उपयोग सिर्फ आपकी पहचान की पुष्टि के लिए होगा, उससे OTR की जानकारी में कोई बदलाव नहीं होगा।
- उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे OTR भरते समय सही और जांची-परखी जानकारी दें, ताकि बाद में किसी प्रकार की परेशानी से बचा जा सके।