क्लाइव लॉयड को जिम्बॉब्वे की टीम सौंप दो, वह भी कुछ नहीं कर पाएंगे...धोनी का जिक्र कर किसने ये कहा?
महेंद्र सिंह धोनी IPL से कब संन्यास लेंगे? क्या वह अगले साल भी खेलेंगे? CSK और उसके कप्तान धोनी के IPL 2025 में सुपर फ्लॉप शो के बाद ऐसे सवाल उठने स्वाभाविक हैं। हालांकि, पूर्व क्रिकेटर अतुल वासन ने धोनी की कप्तानी का बचाव किया है। उन्होंने कहा कप्तान को कैसी टीम मिली, ये देखना अहम होता है।

चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आईपीएल 2025 बहुत ही खराब रहा। 5 बार की चैंपियन टीम पॉइंट्स टेबल में सबसे फिसड्डी रही। आईपीएल के बीच ही नियमित कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ चोट की वजह से बाहर हुए तो महेंद्र सिंह धोनी को कप्तानी मिली। कप्तान तो बदला लेकिन टीम की हालत नहीं बदली। सोशल मीडिया पर क्रिकेट प्रशंसक धोनी को रिटायर होने की सलाह दे रहे लेकिन माही हैं कि अपने गोल-मोल बयानों से रिटायरमेंट पर सस्पेंस बना रहे। इस बीच, पूर्व क्रिकेटर अतुल वासन ने अगले साल भी धोनी के आईपीएल में खेलने की भविष्यवाणी की है।
आईपीएल 2025 के बीच में जब महेंद्र सिंह धोनी सीएसके के फिर कप्तान बनाए गए तब सबको उम्मीद थी कि वह कुछ करिश्मा दिखाएंगे। लेकिन न तो उनकी कप्तानी में कोई दम दिखा और न ही बल्लेबाजी में। कभी दुनिया का बेस्ट फिनिशर कहे जाने वाले धोनी के स्ट्राइक रेट पर उनकी बढ़ती उम्र का असर साफ दिख रहा।
सीएसके ने क्या सोचकर उन्हें फिर कप्तानी दी और वह क्या सोचकर खेलते रहने की जिद दिखा रहे, इनका जवाब तो वे ही सही से बता पाएंगे लेकिन यही हाल रहा तो धोनी का कट्टर से कट्टर प्रशंसक भी यह कहने को मजबूर होगा- अब बस भी करो। हालांकि, अतुल वासन को लगता है कि धोनी 2026 के आईपीएल में भी खेलते हुए नजर आएंगे।
वासन ने ओटीटीप्ले पर बेल्स एंड बैंटर शो के ताजा एपिसोड में धोनी की कप्तानी का बचाव किया। उन्होंने कहा, 'एक कप्तान उतना ही अच्छा होती है, जितनी अच्छी उसे टीम मिलती है। अगर मैं क्लाइव लॉयड को जिम्बॉब्वे की टीम दे दूं तो वह भी अच्छा नहीं कर पाएंगे। धोनी की कप्तानी का मूल्यांकन इस आधार पर होना चाहिए कि उन्हें टीम कैसी मिली थी। जब उनके पास अच्छी टीम थी तो हम सभी जानते हैं कि उन्होंने क्या किया था। मेरी राय में कप्तानी कई बार ओवररेटेड होती है।'
वासन ने कहा कि धोनी का फैंस के लिए प्यार ही उन्हें मैदान पर खिंच लाता है। वह जानते हैं कि अब वह विध्वंसक ताकत नहीं हैं लेकिन उन्हें कुछ साबित करने की जरूरत भी नहीं है। वासन ने कहा कि उनका मानना है कि धोनी आईपीएल 2026 में निश्चित तौर पर खेलेंगे, भले ही वह सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में न हों या फिटनेस की चुनौती हो।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।