लगता है बूढ़ा हो गया हूं...वैभव सूर्यवंशी के पैर छूने पर क्या बोले महेंद्र सिंह धोनी
मैदान पर महेंद्र सिंह धोनी की चुस्ती-फुर्ती हैरान करती है। लेकिन वह भी खुद को बूढ़ा महसूस करने लगे हैं। गुजरात टाइटंस को हराने के बाद पोस्ट मैच प्रजेंटेशन में खुद धोनी ने यह बात स्वीकार की।

मैदान पर महेंद्र सिंह धोनी की चुस्ती-फुर्ती हैरान करती है। लेकिन वह भी खुद को बूढ़ा महसूस करने लगे हैं। गुजरात टाइटंस को हराने के बाद पोस्ट मैच प्रजेंटेशन में खुद धोनी ने यह बात स्वीकार की। असल में हर्षा भोगले ने उनसे वैभव सूर्यवंशी को लेकर एक सवाल पूछा था। इस सवाल के जवाब में धोनी ने कहाकि निश्चित तौर पर ऐसा लगता है कि बूढ़ा हो गया हूं। इतना ही नहीं, उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के साथी खिलाड़ी आंद्रे सिद्धार्थ के साथ की कहानी भी साझा की। धोनी ने बताया कि सीएसके के उनके साथी आंद्रे टीम बस में उनके साथ बैठते हैं और वह मुझसे मुझसे 25 साल छोटे हैं।
हर्षा भोगले ने पूछा था सवाल
चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने आखिरी आईपीएल मैच में गुजरात टाइटंस को 83 रनों से मात दी। मैच के बाद हर्षा भोगले धोनी से बात कर रहे थे। इस दौरान हर्षा भोगले ने सवाल किया कि जब वैभव सूर्यवंशी जैसे युवा खिलाड़ी आकर आपका पैर छूते हैं तो कैसा महसूस होता है? इसके जवाब में धोनी ने कहाकि वास्तव में लगता है कि बूढ़ा हो गया हूं। गौरतलब है कि राजस्थान रॉयल्स के साथ मैच के बाद वैभव सूर्यवंशी ने धोनी का पैर छुआ था। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था। लोगों ने इसके लिए वैभव की खूब तारीफ भी की।
टीम बस का किस्सा किया साझा
इसके बाद धोनी ने टीम बस का किस्सा साझा किया। एमएस धोनी ने बताया कि उनकी टीम में आंद्रे सिद्धार्थ हैं। मैं बस में सबसे पीछे बैठता हूं। आंद्रे मेरी बगल वाली सीट पर बैठता है। एक दिन बातचीत में मैंने उससे पूछा कि तुम्हारी उम्र क्या है? वह मुझसे 25 साल छोटा है। आगे धोनी ने कहाकि उस दिन मुझे यकीन हुआ कि मैं वास्तव में बूढ़ा हो गया हूं। बता दें कि 43 साल के धोनी इस सीजन चेन्नई की कप्तानी कर रहे हैं। अभी यह तय नहीं है कि धोनी अगले सीजन भी खेलेंगे या नहीं।
रिटायरमेंट के सवाल पर यह बोले
अगले साल खेलने के सवाल पर धोनी ने कहाकि यह तय करने के लिए उनके पास अभी काफी समय है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मेरे पास फैसला लेने के लिए चार पांच महीने हैं, कोई जल्दबाजी नहीं है। शरीर को फिट रखना जरूरी है। अब रांची जाऊंगा, थोड़ी बाइक राइड्स का आनंद उठाऊंगा। मैं ये नहीं कह रहा कि मैं अब रिटायर हो रहा हूं, और ये भी नहीं कह रहा कि मैं वापस आ रहा हूं। मेरे पास काफी समय है। सोचूंगा और फिर उसके बाद निर्णय लूंगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।