धोनी ने रिटायरमेंट को लेकर दुविधा में डाला, रांची में करेंगे ये काम; बोले- तब तो 22 की उम्र में संन्यास लेंगे
MS Dhoni on IPL Retirement: एमएस धोनी ने आईपीएल रिटायरमेंट को लेकर प्रतिक्रिया दी। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने आईपीएल 2025 में जीत के साथ अभियान समाप्त किया।

MS Dhoni on IPL Retirement: चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसकए) के दिग्गज विकेटकीपर-बल्लेबबाज एमएस धोनी ने आईपीएल रिटायरमेंट को लेकर फैंस को दुविधा में डाल दिया है। उन्होंने स्पष्टत तौर पर नहीं बताया कि वह अगले सीजन में खेलेंगे या नहीं। 43 वर्षीय धोनी ने कहा कि अगर खिलाड़ी परफॉर्मेंस के आधार पर संन्यास लेने लगेंगे तो कइयों का करियर 22 साल की उम्र में समाप्त हो जाएगा। सीएसके का आईपीएल 2025 में प्रदर्शन निराशाजनक रहा। पांच बार की चैंपियन चेन्नई अंक तालिका में सबसे नीचे दसवें पायदान पर रही। हालांकि, सीएसके ने गुजरात टाइटंस (जीटी) के खिलाफ अपने आखिरी लीग मैच में विजययी परचम फहराया।
'सीजन अच्छा नहीं गया लेकिन…'
चेन्नई ने रविवार को गुजरात के खिलाफ 230/5 का स्कोर बनाने के बाद 83 रनों से जीत हासिल की। सीएसके ने 14 मैचों से केवल चार जीते। सीएसके के नियमित कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ चोटिल होने के कारण सिर्फ पांच मैच ही खेल सके। ऐसे में धोनी को चेन्नई की दोबारा कमान संभाली पड़ी थी। कप्तान धोनी ने जीटी को धूल चटाने के बाद कहा, ''हमारा सीजन अच्छा नहीं गया लेकिन जीत के साथ खत्म करना अच्छा रहा। यह गेंदबाजी और बल्लेबाजी विभाग का सबसे बेहतरीन प्रदर्शनों में से एक था। इस सीजन हमारी फील्डिंग अच्छी नहीं रही मगर आज हमने कई अच्छे पकड़े।''
‘खिलाड़ी इसलिए संन्यास लेंगे तो…’
धोनी से जब सवाल किया गया कि वह अगले सीजन में खेलेंगे या नहीं तो उन्होंने कहा, ''मेरे पास फैसला करने के लिए 4-5 महीने हैं। यह तय करने की कोई जल्दी नहीं है कि क्या करने की जरूरत है। हर साल शरीर को फिट रखने के लिए अधिक एफर्ट मारना पड़ता है। आपको अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होता है। यह शीर्ष स्तर का क्रिकेट है। यह पेशेवर क्रिकेट है। यहां हमेशा परफॉर्मेंस ही नहीं होती, जिसे आप गिन सकें। अगर क्रिकेटर अपनी परफॉर्मेंस के कारण रिटायर होना शुरू कर देंगे तब तो कुछ 22 साल की उम्र में संन्यास ले लेंगे।''
एमएस धोनी रांची में करेंगे ये काम
उन्होंने आगे कहा, ''यह देखना अहम है कि आपमें कितनी भूख है और आप कितने फिट हैं। आप टीम के लिए कितना योगदान दे सकते हैं। टीम को जरूरत है या नहीं, इसलिए मेरे पास पर्याप्त समय है। रांची वापस जाऊंगा। मैं कुछ बाइक राइड का आनंद लूंगा और फिर फैसला करूंगा। मैं यह नहीं कह रहा कि मैं अब रिटायर हो रहा हूं और ये भी नहीं कह रहा कि मैं वापस आ रहा हूं। मेरे पास काफी समय है। सोचूंगा और फिर उसके बाद फैसला लूंगा।'' धोनी को जीटी के खिलाफ़ बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला। उन्होंने 18वें सीजन में 2025 सीजन में 13 पारियों में 135.17 की स्ट्राइक रेट से 196 रन बनाए। उनके बल्ल से 12 चौके और 12 छक्के निकले।