ICC T20I Rankings: एनरिक नोर्खिया की कातिलाना स्पेल के बाद टॉप-10 में एंट्री, शाकिब के सिर सजा नबंर-1 का ताज
Latest ICC T20I Rankings: साउथ अफ्रीका के स्टार पेसर एनरिक नॉर्खिया को टी20 गेंदबाजों की रैंकिंग में तगड़ा फायदा हुआ है। वहीं, बांग्लादेश के शाकिब अल हसन फिर से नंबर-1 ऑलराउंडर बन गए हैं।

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने बुधवार को टी20 खिलाड़ियों की रैंकिंग जारी की है। गेंदबाजों की सूची में साउथ अफ्रीका के धाकड़ पेसर एनरिक नॉर्खिया को तगड़ा फायदा हुआ है। उन्होंने नौ स्थान की छलांग लगाकर टॉप-10 में एंट्री कर ली है। नॉर्खिया अब आठवें पायदान पर हैं। उनके 647 रेटिंग अंक हैं। उन्होंने हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप 2024 में श्रीलंका के खिलाफ कातिलाना गेंदबाजी की थी। नॉर्खिया ने चार ओवर के स्पेल में महज 7 रन देकर चार विकेट चटकाए थे। उनकी इकॉनमी 1.80 की रही। उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे किफायती स्पेल डाला था।
नॉर्खिया टॉप-10 में महज दूसरे तेज गेंदबाज हैं। ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड 654 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर हैं। इंग्लैंड के आदिल रशीद शीर्ष पर काबिज हैं। उनके खाते में 715 अंक हैं। श्रीलंका के वानिंदु हसंरगा (681) दूसरे, भारत के अक्षर पटेल (660) और रवि बिश्नोई (659) क्रमश: तीसरे और चौथे स्थान पर हैं। वहीं, बांग्लादेश के स्टार ऑलराउंडर शाकिब अल हसन की बल्ले-बल्ले हुई है। शाकिब फिर से नंबर-1 टी20 ऑलराउंडर बन गए हैं। उनके 223 अंक हैं। उन्होंने हसरंगा (222) को दूसरे स्थान पर खिसका दिया है, जिनका साउथ अफ्रीका के खिलाफ खाता नहीं खुला।
बांग्लादेश ने टी20 वर्ल्ड कप में अभी तक अपने अभियान का आगाज नहीं किया है। बांग्लादेश को पहला मैच 8 जून को श्रीलंका के विरुद्ध खेलना है। टी20 बल्लेबाजों की रैंकिंग की बात करें तो भारत के स्टार प्लेयर सूर्यकुमार यादव टॉप पर बरकरार हैं। सूर्या के 861 अंक हैं। उनके सिर पर लंबे समय से नंबर-1 का ताज सजा है। उनके अलावा टॉप-10 में भारत के यशस्वी जायसवाल (714) हैं। यशस्वी छठे स्थान पर हैं। इंग्लैंड के फिलिप सॉल्ट (795) दूसरे और पाकिस्तान के विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान (766) तीसरे पायदान पर हैं। इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर (713) सातवें स्थान पर हैं।