10 साल बाद Google ने पहली बार बदला अपना Logo, सिर्फ इन यूजर्स को आ रहा नजर, जानें क्यों हुआ ये बदलाव
गूगल ने चुपचाप अपने 'G' लोगो को एक नए ग्रेडिएंट डिजाइन के साथ अपडेट कर दिया है, जो लगभग एक दशक में पहला बड़ा बदलाव है जो गूगल ने अपने लोगो में किया है। जानें क्यों किया गया है यह बदलाव:

गूगल ने अपने आइकॉनिक ‘G’ लोगो को करीब 10 साल बाद एक बार फिर से अपडेट कर दिया है। साल 2015 में गूगल ने अपने क्लासिक लोगो को मॉडर्न टाइपफेस ‘Product Sans’ में बदला था। अब 2025 में कंपनी ने इसमें एक नया विज़ुअल ट्विस्ट जोड़ा है। बता दें कि अब तक जो ‘G’ आइकन इस्तेमाल हो रहा था उसमें चार रंग लाल, पीला, हरा और नीला अलग-अलग हिस्सों में थे। लेकिन अब यह नया लोगो चार रंगों के बीच स्मूद ग्रेडिएंट ट्रांजिशन के साथ आया है। इसमें रेड से येलो, येलो से ग्रीन और ग्रीन से ब्लू तक रंग आपस में मिलते हुए दिखाई देते हैं, जिससे आइकन पहले से ज्यादा वाइब्रेंट और मॉडर्न लगता है।

किन यूजर्स को दिख रहा नया लोगो?
iOS पर Google Search ऐप के लेटेस्ट अपडेट में यह नया ‘G’ आइकन पहले ही लाइव हो चुका है।
Android पर Android यूजर्स को यह आइकन Google App के बीटा वर्जन 16.18 में दिखाई दे रहा है।
Pixel डिवाइसेज पर नया लोगो Pixel फोन पर भी स्पॉट किया गया है।
बाकी Google प्रोडक्ट्स में बदलाव?
फिलहाल Google ने अपने मुख्य ‘Google’ वर्डमार्क में कोई बदलाव नहीं किया है। Chrome, Maps जैसे अन्य प्रोडक्ट आइकॉन्स को लेकर भी अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इस वजह से हुआ है लोगो में बदलाव?
Google Gemini के लॉन्च और AI पर बढ़ते फोकस को देखते हुए, नया ‘G’ लोगो उसी दिशा में एक और कदम है। Gemini का लोगो भी पहले से ही ब्लू-टू-पर्पल ग्रेडिएंट में आता है। इससे साफ है कि Google अब अपने ब्रांड को सिर्फ टेक्नोलॉजिकल नहीं, बल्कि विज़ुअली भी स्मार्ट और भविष्य के लिए तैयार बना रहा है। अगले कुछ हफ्तों में गूगल के नए ‘G’ लोगो के अन्य डिवाइस और प्लेटफॉर्म्स पर भी रोलआउट होने की उम्मीद है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।