पाकिस्तान की गोलीबारी में हिमाचल के लाल सूबेदार मेजर पवन कुमार शहीद, CM ने शोक जताया
जम्मू-कश्मीर में 25 पंजाब रेजिमेंट के सूबेदार मेजर पवन कुमार शहीद हो गए। सूबेदार मेजर पवन कुमार हिमाचल प्रदेश के लोहिया जिले के शाहपुर वार्ड संख्या चार के निवासी थे।

जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तानी सेना की सीमा पार से की गई गोलाबारी में 25 पंजाब रेजिमेंट के सूबेदार मेजर पवन कुमार शहीद हो गए। सूबेदार मेजर पवन कुमार हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के शाहपुर की वार्ड संख्या चार के निवासी थे। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सूबेदार मेजर पवन कुमार की शहादत पर शोक व्यक्त करते हुए उनके परिवार को सांत्वना दी।
25 पंजाब रेजिमेंट के सूबेदार मेजर पवन कुमार जम्मू-कश्मीर के पुंछ सेक्टर में पाकिस्तानी सेना की गोलाबारी में शहीद हो गए थे। सेना के अधिकारियों की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब साढ़े सात बजे गोलाबारी हुई। इसके बाद पवन कुमार के परिवार को उनके शहीद होने की खबर दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि सूबेदार मेजर पवन कुमार के पार्थिव शरीर को पोस्टमार्टम और आवश्यक औपचारिकताओं के लिए पुंछ से राजौरी ले जाया जा रहा है। इसके बाद उन्हें अंतिम संस्कार के लिए सड़क मार्ग से शाहपुर लाया जाएगा। सूबेदार मेजर पवन कुमार 25 पंजाब रेजिमेंट में सेवारत थे।
वह 31 अगस्त को अंबाला में अपनी अंतिम आधिकारिक पोस्टिंग के साथ रिटायर होने वाले थे। अधिकारियों के मुताबिक, सूबेदार मेजर पवन कुमार ने स्वेच्छा से सीमा पर तैनाती का विकल्प चुना था। सूबेदार मेजर पवन कुमार के परिवार में उनके माता-पिता, पत्नी, बेटा और एक बेटी हैं। सूबेदार मेजर पवन कुमार के पिता गराज सिंह भारतीय सेना के सेवानिवृत्त हवलदार हैं।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने शोक संदेश में कहा कि सूबेदार मेजर पवन कुमार ने देश की एकता और संप्रभुता को बनाए रखने के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। उन्हें लोग हमेशा याद रखेंगे। राज्य सरकार इस दुख की घड़ी में प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है।
सूबेदार मेजर पवन कुमार के परिवार को हरसंभव सहायता दी जाएगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, कांगड़ा के सांसद राजीव भारद्वाज और अन्य नेताओं ने भी शोक व्यक्त किया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।