आज बदल जाएगा हिमाचल प्रदेश का मौसम, 7 दिन लगातार होगी बारिश; IMD का येलो अलर्ट
Himachal Pradesh Weather: हिमाचल प्रदेश का मौसम आज बदलने वाला है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, पूरे प्रदेश में अगले 7 दिन बारिश की संभावना बनी हुई है।

Himachal Pradesh Weather: हिमाचल प्रदेश में मौसम में बदलाव आया है। पहाड़ी इलाकों में गुरूवार को जहां बादलों ने डेरा डाल लिया है, वहीं बारिश और तेज हवाओं की आशंका ने लोगों को सतर्क कर दिया है। प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में भी भीषण गर्मी से कुछ राहत तो मिली है, लेकिन आने वाले एक सप्ताह तक मौसम के बिगड़े मिजाज बिगड़ने की संभावना ने चिंता बढ़ा दी है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 7 मई तक पूरे प्रदेश में खराब मौसम रहने की चेतावनी दी है। साथ ही कई स्थानों पर अंधड़ और बिजली गिरने की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार आज यानी 1 मई को प्रदेश के कुछ हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा 2 मई से 6 मई तक हवाओं की गति और तेज होकर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। 7 मई को फिर से 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चलने की चेतावनी दी गई है। विभाग ने लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने और यात्रा से पूर्व मौसम की जानकारी लेने की सलाह दी है।
5 और 6 मई को प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी के भी आसार हैं। यह बर्फबारी खासकर लाहौल-स्पीति, किन्नौर और कुल्लू जिले की ऊंची चोटियों पर देखने को मिल सकती है। तेज हवाएं और बारिश से जहां फसलों को नुकसान की आशंका जताई जा रही है वहीं बिजली आपूर्ति में भी बाधा आने की संभावना बनी हुई है। खासतौर पर खराब मौसम से मैदानी इलाकों में गेहूं की कटाई का कार्य प्रभावित हो सकता है।
बीते 24 घंटों के दौरान राज्य में अधिकतर जगहों पर मौसम शुष्क बना रहा। हालांकि कुछ स्थानों पर तेज अंधड़ चली लेकिन इससे कहीं भी नुकसान की रिपोर्ट नहीं है। सियोबाग और बजुआरा में हवाएं 44 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं, जबकि ताबो और रिकांगपिओ में अंधड़ की गति 43 किलोमीटर प्रति घंटे रही। इन हवाओं से अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली।
राज्य के तापमान की बात करें तो गुरुवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस ज्यादा दर्ज किया गया। शिमला में न्यूनतम तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस रहा। सुंदरनगर में यह 21.4, भुंतर में 18.1, कल्पा में 9.2, धर्मशाला में 16.8, उना में 20.5, नाहन में 16.7, केलांग में 5.5, सोलन में 18, मनाली में 12.7, कांगड़ा में 23.8, मंडी में 22.2, बिलासपुर में 21.9, हमीरपुर में 22.2, चंबा में 18.5, डल्हौजी में 16.1, जुब्बड़हट्टी में 19.1, कुफरी में 12.4, कुकुमसेरी में 7.2, नारकंडा में 10.2, भरमौर में 15.2, रिकांगपिओ में 12.8, सियोबाग में 16, धौलाकुआं में 23.2, बरठीं में 20.9 और बातो में 7.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।