जॉर्जिया मेलोनी को देखते ही इस देश के पीएम ने टेक दिए घुटने, रेड कार्पेट पर किया भव्य स्वागत- VIDEO
अल्बानिया और इटली के बीच अच्छे संबंध रहे हैं। दोनों देशों ने शरणार्थी नीतियों पर समझौते किए हैं, जिसके तहत इटली में प्रवेश करने वाले कुछ शरणार्थियों की अल्बानिया में देखरेख की जाती है।

अल्बानिया के तिराना में आयोजित छठे यूरोपियन पॉलिटिकल कम्युनिटी समिट (EPC) शिखर सम्मेलन में अनोखा नजारा देखने को मिला। अल्बानियाई प्रधानमंत्री एदी रामा ने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी का स्वागत रेड कार्पेट पर घुटने टेककर किया। इस घटनाक्रम ने वैश्विक मंच पर लोगों का ध्यान खींचा और सोशल मीडिया पर भी इसके वीडियो क्लिप तेजी से वायरल हुए। रिपोर्ट के मुताबिक, मेलोनी के आने पर रामा लाल कालीन पर घुटने के बल बैठ गए और उनका अभिवादन किया। इस पर मेलोनी ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा, 'एदी, रुक जाओ!'
सोशल मीडिया और समाचार चैनलों पर इसे लेकर खूब चर्चा हो रही है। कुछ लोग इसे सांस्कृतिक आतिथ्य और सम्मान का प्रतीक बता रहे हैं। हालांकि, कई लोगों ने इसे नाटकीय करार दिया और इस हरकत की आलोचना की है। मालूम हो कि यह स्वागत समारोह 47 यूरोपीय देशों के नेताओं की उपस्थिति में हुआ, जहां रूस-यूक्रेन युद्ध जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होनी थी। वैसे अल्बानिया और इटली के बीच मजबूत संबंध रहा है। जानकारों का कहना है कि पीएम रामा का अंदाज उसी रिश्ते को दर्शाता है। दोनों देश हाल के वर्षों में आप्रवास, व्यापार और क्षेत्रीय स्थिरता जैसे मुद्दों पर करीब से सहयोग करते रहे हैं।
यूरोपियन पॉलिटिकल कम्युनिटी समिट कितना अहम
छठा यूरोपीय राजनीतिक समुदाय (EPC) शिखर सम्मेलन 16 मई को तिराना आयोजित हुआ, जिसमें 47 यूरोपीय देशों के नेता शामिल हुए। यह मंच साल 2022 में स्थापित हुआ, जो यूरोपीय संघ के बाहर भी क्षेत्रीय सहयोग को बढ़ावा देता है। शिखर सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य रूस-यूक्रेन युद्ध, ऊर्जा सुरक्षा, जलवायु परिवर्तन और प्रवासन जैसे ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा करना था। तिराना शिखर सम्मेलन में अल्बानिया के प्रधानमंत्री एदी रामा ने मेजबानी की। सम्मेलन में यूक्रेन के लिए समर्थन, क्षेत्रीय स्थिरता और बाल्कन देशों के यूरोपीय एकीकरण पर विशेष ध्यान दिया गया। EPC शिखर सम्मेलन गैर-बाध्यकारी होने के बावजूद यूरोपीय नेताओं को संवाद का मंच मुहैया कराता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।