Pope Francis: पोप फ्रांसिस का निधन, 88 वर्ष की आयु में ली अंतिम सांस
- Pope Francis: लंबे समय से बीमार चल रहे रोम कैथोलिक चर्च के प्रमुख पोप फ्रांसिस का निधन हो गया है।
Pope Francis: लंबे समय से बीमार चल रहे रोमन कैथोलिक चर्च के प्रमुख पोप फ्रांसिस का निधन हो गया है। सोमवार को वेटिकन चर्च की तरफ से जारी वीडियो बयान में यह जानकारी दी गई है। उन्होंने 88 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे।
वेटिकन की तरफ से टेलीग्राम चैनल पर संदेश जारी किया गया। इसमें कार्डिनल केविन फैरल ने कहा, 'आज सुबह 7 बजकर 35 मिनट पर (0535 GMT) रोम के बिशप फादर के घर पर लौट गए।' फैरल वेटिकन ‘कैमरलेंगो’ हैं। कैमरलेंगो की पदवी उन कार्डिनल या उच्चस्तरीय पादरी को दी जाती है जो पोप के निधन या उनके इस्तीफे की घोषणा के लिए अधिकृत होते हैं।
खास बात है कि ईस्टर संडे पर ही पोप फ्रांसिस ने लोगों को संबोधित किया था। उस दौरान उन्होंने विचारों की आजादी और सहिष्णुता पर बात की थी। पोप फ्रांसिस ने लोगों को ईस्टर की शुभकामनाएं देते हुए कहा था, 'भाइयो और बहनों, ईस्टर की शुभकामनाएं!' उनकी आवाज पहले की तुलना में अधिक प्रभावशाली प्रतीत हो रही थी।
पोप फ्रांसिस ने पियाजा में ईस्टर की प्रार्थना में हिस्सा नहीं लिया बल्कि इसे सेंट पीटर्स बेसिलिका के सेवानिवृत्त कार्डिनल एंजेलो कोमास्ट्री को सौंप दिया। लेकिन प्रार्थना समाप्त होने के बाद, फ्रांसिस बेसिलिका के प्रवेश द्वार के ऊपर स्थित लॉजिया बालकनी पर दिखाई दिए।
नीचे मौजूद हजारों लोगों ने खुशी का इजहार किया, जब सैन्य बैंड ने होली सी और इतालवी राष्ट्रगान की धुन बजाई। फ्रांसिस ने बालकनी से हाथ हिलाया और फिर एक सहयोगी से अपना भाषण पढ़ने को कहा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।