नमाज पढ़ने जा रहे अधेड़ को मारी गोली, हालत गंभीर
Azamgarh News - जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के धौरहरा गांव में, एक अधेड़ व्यक्ति सरफराज को नमाज के लिए जाते समय गोली मार दी गई। यह हमला भूमि विवाद के चलते हुआ। सरफराज को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस...

सगड़ी, हिन्दुस्तान संवाद। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के धौरहरा गांव में सोमवार की भोर में नमाज पढ़ने जा रहे अधेड़ को पड़ोसी ने गोली मार कर घायल कर दिया। घायल को मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टर ने हालत गंभीर देख रेफर कर दिया। दोनों पक्ष में जमीन बटवारा को लेकर विवाद चल रहा है। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के धौरहरा गांव निवासी 55 वर्षीय सरफराज का उसके पट्टीदार से गांव में और मुंबई में स्थित भूमि बटवारा का विवाद चल रहा है। सोमवार की भोर में सरफराज नमाज पढ़ने के लिए मस्जिद जा रहे थे। दूसरे पक्ष के लोगों ने हमला कर गोली मार दी। गोली कुल्हा में लगने से सरफराज घायल हो गये। भोर में गोली चलने से गांव में अफरा तफरी मच गई। परिजन घायल को लेकर मंडलीय अस्पताल पहुंचे, डॉक्टर ने हालत गंभीर देख रेफर कर दिया। निजी अस्पताल में घायल को भर्ती कराया गया है। पुलिस दूसरे पक्ष के अनीश के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी हुई है । 2016 में भी सरफराज पर मस्जिद में नमाज पढ़ते समय गोली मारकर जानलेवा हमला किया गया था। गोली उनके पैर में लगी थी। बताया जा रहा है कि मुंबई और गांव में दोनों ही स्थानों पर पुस्तैनी जमीन हैं। पट्टीदारों से भूमि बटवारा को लेकर वर्षों से विवाद चल रहा है। गांव में यह भी चर्चा है कि आरोपी के बनाए गए मकान को घायल सरफराज ने पूर्व में किसी को बैनामा कर दिया गया था। जिसको लेकर विवाद और बढ़ गया। कोतवाल जितेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, जांच की जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।