बलूच लिबरेशन आर्मी क्या है, जिसने ट्रेन को किया हाईजैक; पाकिस्तान सरकार से क्यों बगावत?
- बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में सक्रिय अलगाववादी संगठन है। इसका मुख्य उद्देश्य बलूचिस्तान को पाकिस्तान से अलग करके स्वतंत्र राष्ट्र बनाना है। बीएलए की स्थापना 2000 के दशक में हुई। ?

पाकिस्तान में बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) के विद्रोहियों ने एक ट्रेन को अगवा कर लिया। इनकी ओर से रेलगाड़ी पर गोलीबारी भी कई गई, जिसमें ड्राइवर समेत कई यात्री घायल हो गए। सरकारी प्रवक्ता शाहिद रिंद ने बताया कि यह हमला क्वेटा से पेशावर जाने वाली जाफर एक्सप्रेस पर बोलन जिले में हुआ। रेलवे नियंत्रक मुहम्मद कासिफ ने बताया कि 9 डिब्बों वाली इस ट्रेन में करीब 500 यात्री सवार थे। उन्होंने कहा, ‘ट्रेन को सुरंग संख्या 8 में हथियारबंद लोगों ने रोक दिया गया। यात्रियों और कर्मचारियों से संपर्क करने के प्रयास किए जा रहे हैं।’ फिलहाल सिबी अस्पताल में आपातकाल लागू कर दिया गया है। एंबुलेंस और सुरक्षा बल घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। चलिए हम आपको बलूच लिबरेशन आर्मी के बारे में बताते हैं। ये लोग कौन हैं और पाकिस्तान सरकार से किस बात को लेकर भड़के हुए हैं।
बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में सक्रिय अलगाववादी संगठन है। इसका मुख्य उद्देश्य बलूचिस्तान को पाकिस्तान से अलग करके स्वतंत्र राष्ट्र बनाना है। बीएलए की स्थापना 2000 के दशक में हुई और यह संगठन बलूच राष्ट्रवादी आंदोलन का हिस्सा माना जाता है। यह संगठन बलूच लोगों के अधिकारों और स्वायत्तता की मांग करता है। ये पाकिस्तान सरकार पर बलूचिस्तान के प्राकृतिक संसाधनों के शोषण और बलूच लोगों के साथ भेदभाव का आरोप लगाते हैं।
आतंकी संगठन बताती है पाकिस्तान सरकार
बीएलए ने अपने उद्देश्यों को प्राप्त करने के लिए कई बार हिंसक तरीकों का इस्तेमाल किया। इसमें सुरक्षा बलों पर हमले, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाना और आम नागरिकों को निशाना बनाना शामिल है। इसके कारण पाकिस्तान सरकार ने BLA को आतंकवादी संगठन घोषित कर दिया है। पाकिस्तानी सेना और सुरक्षा बलों ने बीएलए के खिलाफ कई सैन्य अभियान चलाए हैं, जिसमें संगठन के कई सदस्यों को गिरफ्तार या मार गिराया गया है।
पाकिस्तान सरकार पर क्यों भड़के बलूच?
बलूच लिबरेशन आर्मी के नेता और सदस्य अक्सर पाकिस्तान सरकार पर बलूचों के खिलाफ मानवाधिकार उल्लंघन के आरोप लगाते हैं। उनका कहना है कि बलूचिस्तान के प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग बलूच लोगों के हित में नहीं किया जा रहा है। साथ ही, उन्हें राजनीतिक और आर्थिक रूप से हाशिए पर रखा गया है। हालांकि, पाकिस्तान सरकार इन आरोपों को खारिज करती है और बलूचिस्तान के विकास के लिए कई योजनाओं का हवाला देती है। BLA की गतिविधियों ने बलूचिस्तान में सुरक्षा स्थिति को जटिल बना दिया है। यह संगठन पाकिस्तान के लिए एक गंभीर चुनौती बना हुआ है। बलूचिस्तान के मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उठाया जा रहा है, जिससे यह समस्या और भी जटिल हो गई है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।