कोच प्रतिमा बरवा की बिगड़ी तबीयत, ICU में भर्ती; देश को दिए हैं कई अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी
देश को कई अतंर्राष्ट्रीय खिलाड़ी देने वाली प्रतिमा बरवा की तबीयत बिगड़ गई है। उन्हें पैरालिसिस के आईसीयू में भर्ती करवाया गया है।

देश को कई अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी देने वाली महिला कोच प्रतिमा बरवा की तबीयत बिगड़ गई है। ओलंपियन सलीमा टेटे, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी संगीता कुमारी, ब्यूटी डुंगडुंग, दीपिका सोरेंग, रजनी केरकेट्टा जैसी को हॉकी के गुर सिखाने वाली कोच प्रतिमा बरवा को पैरालिसिस अटैक के बाद रांची के पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गुरुवार की देर शाम उन्हें पैरालिसिस का अटैक आया। इसके बाद खूंटी से उन्हें रांची लाया गया और अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, उन्हें आईसीयू में रखा गया गया है। प्रतिमा खेल विभाग की ओर से संचालित आवासीय हॉकी प्रशिक्षण केंद्र खूंटी में कोच के रूप में कार्यरत हैं। पहले वे सिमडेगा के सेंटर में थीं, जहां से उन्होंने आधा दर्जन से अधिक अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी तैयार किए। कुछ साल पहले भी उन्हें पैरालिसिस अटैक आया था। तब विभाग ने उनके इलाज में मदद की थी। तबीयत खराब रहने की स्थिति में उनके आवेदन के बाद उन्हें गृह जिला स्थित सेंटर में कोच के रूप में पदस्थापित कराया गया था।