2025 में विश्व के नक्शे से खत्म हो जाएगा पाकिस्तान
भाजपा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने कहा है कि 2025 के बाद पाकिस्तान का नामोनिशान मिट जाएगा। उन्होंने दावा किया कि इस वर्ष पाकिस्तान चार टुकड़ों में बंट जाएगा और भारत कश्मीर के हिस्से को वापस लेगा।...

देवघर,कार्यालय संवाददाता। भाजपा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने दावा किया है कि साल 2025 के बाद पृथ्वी से एक देश के तौर पर पाकिस्तान का नामोनिशान मिट जाएगा। रविवार को देवघर के महेशमारा रेलवे हॉल्ट स्टेशन के शिलान्यास के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में सांसद डॉ. दुबे ने कहा कि इसी वर्ष पाकिस्तान चार टुकड़ों में बंट जाएगा। कहा कि पहलगाम की घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार की धरती से अपने संबोधन में आतंकियों को मिट्टी में मिलाने की जो बात कही है वह दूरगामी संदेश है। भाजपा सांसद ने कहा, पाकिस्तान ने कश्मीर का हमारा जो हिस्सा लिया है, उसे तो हम वापस लेंगे ही। इसके अलावा पाकिस्तान को खंडित कर बलूचिस्तान, पख्तूनिस्तान और पंजाब नामक अलग- अलग देश बनेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यह कर दिखाएंगे। उन्होंने कहा कि यह बात मैं पूरे दावे के साथ कह रहा हूं। कहा कि अगर पाकिस्तान इस वर्ष के बाद कई खंडों में नहीं बंटा तो यह कहने को स्वतंत्र होंगे कि भारतीय जनता पार्टी वाले लोगों को झूठे आश्वासन देते हैं। कहा कि पाकिस्तान खत्म हो जाएगा, यही मोदी की गारंटी है। यही विश्वास है, जिसकी बदौलत वह देश के प्रधानमंत्री बने हैं। जम्मू- कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले का जिक्र करते हुए सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने कहा कि पाकिस्तान की सेना ने हिन्दुस्तानियों को, खास तौर पर हिंदुओं को चुन-चुन कर मारा है। मोदी सरकार इस हमले का बदला हर हाल में लेगी। रेलवे हॉल्ट के शिलान्यास से पहले पत्रकारों से बात करते हुए भाजपा सांसद डॉ. निशिकांत ने कहा कि देश का नेतृत्व एक ऐसे प्रधानमंत्री के हाथ में है, जो अपनी क्षमता और ताकत के लिए देश-दुनिया में जाने जाते हैं। उन्होंने बिहार की धरती से स्पष्ट कहा है कि आतंकियों और उनके समर्थकों को मिट्टी में मिला दिया जाएगा। इसी का असर है कि पाकिस्तानी सेना प्रमुख असीम मुनीर का पूरा परिवार विदेश भाग गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।