नौकरी का झांसा देकर बुलाया, जबरदस्ती का प्रयास
देवघर के मधुपुर थाना क्षेत्र के पसिया गांव में एक महिला को नौकरी दिलाने के बहाने बुलाकर चाकू से हमला किया गया। महिला ने साहस दिखाते हुए खुद का बचाव किया और आरोपी को उसी चाकू से घायल कर दिया। पुलिस ने...

देवघर, प्रतिनिधि मधुपुर थाना क्षेत्र के पसिया गांव में गुरुवार अहले सुबह नौकरी दिलाने के बहाने धनबाद से एक महिला को बुलाकर गलत करने की कोशिश की गई। जब महिला ने विरोध किया, तो आरोपी ने चाकू से हमला कर जख्मी कर दिया। वहीं खुद को बचाने की कोशिश में महिला ने साहस दिखाते हुए प्रतिकार किया, जिससे आरोपी उसी चाकू से घायल हो गया। घटना गुरुवार तड़के करीब 3:30 बजे की बतायी गयी है। घायल 40 वर्षीया महिला धनबाद जिले के चिरामोड़ निवासी, जबकि 50 वर्षीय आरोपी घायल मधुपुर के पसिया गांव निवासी है। जानकारी के अनुसार, आरोपी ने कुछ दिन पहले महिला से संपर्क कर नौकरी दिलाने का झांसा देकर अपने घर बुलाया। बुधवार देर रात महिला धनबाद से मधुपुर पहुंची। फोन करने पर आरोपी ने महिला को अपने घर बुला लिया। एक कमरे में रुकने कहा। सुबह 8 बजे इंटरव्यू की जानकारी दी। महिला के मुताबिक, जब वह आरोपी के घर पहुंची, तो सबकुछ सामान्य लग रहा था। उसे एक कमरा आराम करने के लिए दिया गया। आधी रात के बाद बहाने से आरोपी कमरे में पहुंचा व दरवाजा बंद कर दिया। उसके बाद चाकू दिखाकर जबरन शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की। महिला ने इसका कड़ा विरोध किया तो गुस्से में आकर उसने छाती पर चाकू से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बावजूद महिला ने हार नहीं मानी। खुद को बचाने का साहस दिखा संघर्ष करते हुए आरोपी को पैर से जोरदार धक्का दे दिया। धक्का इतनी जोर का था कि उसके हाथ में मौजूद चाकू उसके ही पेट में जा घुसी और वह वहीं गिर पड़ा। उसके बाद महिला किसी तरह खुद को घसीटते हुए शौचालय तक पहुंची और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। वहीं से उसने ‘100 डायल कर पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों को खून से लथपथ हालत में अस्पताल पहुंचाया। जहां दोनों का इलाज चल रहा है। हलांकि मामले में पुलिस कोई जानकारी नहीं दे रही है। पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने महीनों पूर्व नौकरी लगाने के नाम पर रुपए लिए थे। फोन कर एक दूध कंपनी में नौकरी की सीट खाली होने की जानकारी दी थी। विश्वास में आकर वह उसके घर पहुंच गयी। उसके बाद रात रुकने कहा। सुबह इंटरव्यू होने की जानकारी दी। वहीं देर रात के बाद ही इस प्रकार की घटना को अंजाम दे देने की कोशिश की गयी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।