कतरास में कार के धक्के से बाइक सवार की मौत, पांच घंटे रोड जाम
कतरास में सोमवार को एक सड़क दुर्घटना में 45 वर्षीय दुनिया लाल की मौत हो गई। वह अपने भांजे के साथ बाइक पर थे जब उनकी बाइक को एक कार ने टक्कर मार दी। हादसे में कुंदन सिंह और कार सवार पीयूष यादव गंभीर...

कतरास, प्रतिनिधि छाताबाद-भटमुरना रोड में सोमवार की दोपहर लगभग 12.45 बजे ईस्ट कतरास के 8 नंबर पंप हाउस के समीप कार के धक्के से बाइक सवार बेहराकुदर निवासी दुनिया लाल (45 वर्ष) की मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार दुनिया लाल के भांजे कुंदन सिंह (22 वर्ष) व कार सवार पीयूष यादव (15 वर्ष) भी गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों को निचितपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से धनबाद असर्फी अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस दुर्घटनाग्रस्त कार एवं बाइक को जब्त कर लिया है। इधर, हादसे के बाद के आक्रोशित लोगों ने भटमुरना मोड़ पर शव रख कर राजगंज-महुदा फोरलेन सड़क को जाम दिया। इस दौरान आंदोलनकारियों और कतरास थाना प्रभारी में नोकझोंक होती रही। बाघमारा सीओ ने मृतक के आश्रित को एक लाख रुपए मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। तब जाकर पांच घंटे बाद रात करीब नौ बजे रोड जाम समाप्त हुआ। इस दौरान सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। दुनिया लाल दो भाइयों में बड़े थे और मजदूरी करते थे। हादसे के बाद पत्नी और दो पुत्रों का रो रोकर बुरा हाल है। मृतक के पुत्र गोलू सिंह की शिकायत पर कार चालक पर मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार मारुति स्विफ्ट कार भटमुरना से छाताबाद की ओर आ रही थी। इसी बीच छाताबाद से भटमुरना की ओर आ रही बाइक से कार की आमने-सामने से टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दुनिया लाल की मौत हो गयी। वहीं बाइक पर पीछे बैठा दुनिया लाल का भांजा कुंदन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। कार पर सवार कैलुडीह निवासी स्व. विजय यादव का पुत्र पियूष यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। कार पर सवार अन्य दो लोग घटनास्थल से भाग गए।
गृहप्रवेश का कार्ड बांटने जा रहे थे दुनिया लाल
दुनिया लाल के चचेरे भाई प्रदीप सिंह का गृहप्रवेश 5 अप्रैल को है। उसी कार्ड बांटने के लिए दुनिया अपने भांजे कुंदन के साथ बाइक से जा रहे थे। सूचना पर कतरास पुलिस घटनास्थल पहुंची और तीनों को निचितपुर अस्पताल भिजवाया। वहां से पियूष यादव व कुंदन सिंह को बेहतर इलाज के लिए असर्फी अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सड़क पर उतरे लोग
हादसे के बाद दोपहर लगभग 3.30 बजे बेहराकुदर के ग्रामीण और मृतक के परिजनों ने भटमुरना मोड़ पर राजगंज-महुदा फोरलेन सड़क को शव रख कर पूरी तरह से जाम कर दिया। सड़क पर टायर जला कर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान कतरास थानेदार असित कुमार सिंह व ग्रामीणों में कई बार नोकझोक हुई। पुलिस के काफी समझाने के बाद भी लोग डटे रहे। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए आधा दर्जन थानों की पुलिस व जिला से अतिरक्त बल मंगाया गया। रात लगभग 8 बजे बाघमारा प्रखंड सह अंचल कार्यालय के सीओ बालकिशोर महतो ने सरकारी प्रावधान के अनुसार एक लाख रुपया मुआवजा देने का आश्वासन दिया। इसके बाद रात लगभग 9 बजे सड़क जाम समाप्त हो गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।