गढ़वा में गंगा दशहरा पर होगा भव्य गंगा आरती आयोजन
फोटो संख्या दो: गंगा आरती के आयोजन को लेकर आयोजित बैठक में शामिल डॉ पातंजलि केशरी व अन्य 5 जून को जिला मुख्यालय स्थित दानरो नदी के तट पर गंगा दशहरा क

गढ़वा, प्रतिनिधि। जिला मुख्यालय स्थित दानरो नदी के तट पर 5 जून को गंगा दशहरा के पावन अवसर पर एक भव्य गंगा आरती कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन एकल अभियान गढ़वा अंचल के तत्वावधान में किया जाएगा। कार्यक्रम के आयोजन का मकसद जनमानस को आध्यात्मिक चेतना से जोड़ना और नदियों के संरक्षण के प्रति जागरुकता और पर्यावरण सुरक्षा का संदेश देना है। यह जानकारी संगठन के कार्यककारी अध्यक्ष डॉ पातंजलि केशरी ने दी। उन्होंने बताया कि भव्य कार्यक्रम में संगठन के व्यास कथाकार भी अपनी प्रस्तुति देकर जनसमूह को धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से समृद्ध करने का प्रयास करेंगे।
कार्यक्रम को लेकर मंगलवार को संगठन के पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। उसकी अध्यक्षता संगठन के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. पतंजलि ने की। डॉ. केशरी ने बैठक में बताया कि गंगा आरती कार्यक्रम गढ़वा शहर के लिए एक अनोखी पहल है जो न केवल धार्मिक महत्व रखता है, बल्कि सामाजिक और पर्यावरणीय सरोकारों को भी उजागर करता है। उन्होंने कहा कि गंगा दशहरा का पर्व जल स्रोतों के प्रति श्रद्धा और सम्मान व्यक्त करने का अवसर होता है। दानरो नदी पर इस प्रकार की आरती से लोगों में नदियों के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना जागृत होगी। बैठक में संगठन के सचिव अरुण मेहता ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि आयोजन स्थल की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा की पूरी तैयारी की जा रही है। वहीं, कल्याणपुर के मुखिया अशोक कुमार चंद्रवंशी ने कहा कि यह कार्यक्रम क्षेत्र की सांस्कृतिक गरिमा को बढ़ाने वाला साबित होगा और स्थानीय लोगों की भागीदारी से इसका प्रभाव और भी व्यापक होगा। संगठन के अभियान प्रमुख जितेंद्र यादव ने कहा कि गंगा आरती के माध्यम से जनमानस को एक सकारात्मक संदेश मिलेगा और यह आयोजन पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक मजबूत पहल बनेगा। प्राथमिक शिक्षा प्रमुख अशर्फी चौधरी ने इसे भावी पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बताया। उक्त अवसर पर अंचल व्यास उपेंद्र, गतिविधि प्रमुख राजीव यादव और सामाजिक कार्यकर्ता सियारामशरण वर्मा सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित थे। सभी ने कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न जिम्मेदारियों का बंटवारा किया और पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।