आधे शहर में नहीं पहुंचा नल से पानी, लोग आक्रोशित
गिरिडीह की आधी आबादी गुरुवार को गंभीर पानी संकट का सामना कर रही थी। सप्लाई नलों से पानी नहीं आने पर लोग हैंडपंप की ओर दौड़ने लगे। नगर निगम ने शाम में केवल आधे घंटे के लिए जलापूर्ति की, जिसे लोग नाकाफी...

गिरिडीह, प्रतिनिधि। गिरिडीह की आधी आबादी गुरुवार को गंभीर पानी संकट का सामना की। सप्लाई नलों से जब पानी नहीं आया तो आबादी बेहद परेशान हो गई और लोग हैंडपंप की ओर दौड़-भाग करने लगी। अन्य इलाकों में भी पेयजल संकट गहराया रहा। लोगों में सम्बंधित नगर निगम के प्रति आक्रोश दिखा। हालांकि लोगों के आक्रोश को भांपते हुए नगर निगम ने शाम में जलापूर्ति की, वह भी मात्र आधे घंटे के लिए। जिसे लोग नाकाफी बताने लगे। इसके पूर्व पानी संकट से लोग परेशान रहे। लोगों की दिनचर्या प्रभावित रही। पोश इलाकों में जार बंद पानी खरीद कर लोग किसी तरह दिन काटे।
सप्लाई पानी बाधित होने से महिलाओं को कामकाज में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पीने के पानी को जुटाने के लिए कई इलाके के लोग दिनभर छटपटाते रहे। आंधी और पानी से लड़खड़ाई जलापूर्ति: आधे शहर को आंधी और बारिश के दूसरे दिन गुरुवार को पानी नहीं मिला। इसके पूर्व भी 17 मई को आंधी और मूसलाधार बारिश हुई थी। जिसके दूसरे दिन शहर को पीने का पानी नहीं मिल पाया था। निगम की मानें तो जलापूर्ति केन्द्रों को नियमित बिजली नहीं मिल रही है। जब भी आंधी और बारिश होती है तो केन्द्रों को बिजली लड़खड़ा जाती है। बिजली आई भी तो ट्रिपिंग बढ़ी रहती है। इससे प्रेशर घट जाता है और पानी वापस लौट आती है। कहा कि शहर को पर्याप्त पानी देने के लिए केन्द्रों को नियमित बिजली चाहिए, जो नहीं मिल रही है। इधर पानी संकट से हैंडपंपों पर प्रेशर बढ़ने लगा है। दिनभर हैंडपंप पर भीड़ लगी देखी जा सकती है। पानी संकट पर हो चुका है निगम का घेराव: सोमवार को पानी के सवाल पर वार्ड नंबर 22 पेसराबहियार के लोगों ने नगर निगम कार्यालय में घेराव कर प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों ने भीषण गर्मी से उत्पन्न जल संकट की बात कही थी। कहा था कि पानी संकट ने जीना मुश्किल कर दिया है। इधर पानी संकट पर लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। कारण कि अधिकांश शहरी कुएं सूख गए हैं। हैंडपंप भी जवाब देने लगा है। लोग पूर्ण रुप से जलापूर्ति पर निर्भर है, लेकिन शहर को नियमित रुप से पानी नहीं मिल रहा है। जिससे लोगों का आक्रोश निगम के प्रति बढ़ता जा रहा है। नगर निगम के उपनगर प्रशासक प्रशांत कुमार लायक ने बताया कि जलापूर्ति केन्द्रों को निर्बाध बिजली नहीं मिल पाई, इससे शहर को सुबह में पानी नहीं दिया जा सका। शाम में जलापूर्ति हुई है। बिजली मिलने पर सुचारु पानी मिलेगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।