अपहरण, हत्या, लूट कांड में शामिल अपराधी जमुई से गिरफ्तार
तिसरी के थाना प्रभारी रंजय कुमार के नेतृत्व में तिसरी पुलिस ने कुख्यात अपराधी टेको मांझी को गिरफ्तार कर गिरिडीह जेल भेज दिया है। टेको मांझी पर अपहरण, हत्या और डकैती जैसे मामलों का आरोप है। वह पिछले 20...

तिसरी, प्रतिनिधि। तिसरी के थाना प्रभारी रंजय कुमार के नेतृत्व में तिसरी पुलिस ने सोमवार को अपहरण, लूट और हत्या जैसे संगीन मामलों को अंजाम देनेवाले कुख्यात अपराधी टेको मांझी को गिरफ्तार कर गिरिडीह जेल भेज दिया है। टेको मांझी बिहार के जमुई जिला के चरकापत्थर थाना क्षेत्र के सुनीलटांड़ गांव का निवासी है। टेको मांझी तिसरी थाना में अपहरण कांड में नामजद अभियुक्त है। इसके अलावा टेको मांझी के खिलाफ जमुई जिला के कई थानों में हत्या, डकैती, लूट जैसे संगीन मामलों में भी केस दर्ज है। बता दें कि 2005 ई. में तिसरी के युवक धीरेन्द्र सिंह का अपहरण कर लिया गया था। अपहर्ताओं ने तिसरी थाना क्षेत्र के केंदुआ गांव के पहले सुनसान रास्ते से धीरेन्द्र सिंह को अपहरण कर बिहार के बटिया जंगल ले गया था। इस मामले में तिसरी पुलिस लगातार जमुई जिला के विभिन्न इलाकों में छापामारी कर धीरेन्द्र सिंह को अपहर्ताओं के चंगुल से छुड़ाने का प्रयास किया था। लेकिन घने जंगल का फायदा उठा कर अपहर्ताओं ने हमेशा ठिकाना बदलता रहा जिसके कारण पुलिस को कामयाबी नहीं मिल पाई थी। बाद में फिरौती लेकर अपहर्ताओं ने धीरेन्द्र सिंह को रिहा किया था। इस मामले में पहले ही तिसरी पुलिस भीम मोदी सहित कई अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। लेकिन टेको मांझी पिछले 20 सालों से पुलिस की नजर से फरार चल रहा था। जिसके कारण पुलिस टेको मांझी को नहीं पकड़ पा रही थी किन्तु कोर्ट के आदेश पर सोमवार को तिसरी के थाना प्रभारी रंजय कुमार के नेतृत्व में तिसरी पुलिस टेको मांझी के चरकापत्थर के सुनीलटांड़ स्थित घर पर इश्तेहार चिपकाने गई थी। तभी पुलिस को देखकर टेको मांझी भागना चाहा। लेकिन वह भागता इसके पहले ही तिसरी पुलिस ने टेको मांझी को धर दबोचा। इसके बाद उसे तिसरी थाना लाया गया। जहां पर कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद टेको मांझी को जेल भेज दिया गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।