बेंगलुरु में बुर्का पहनी महिला से बदतमीजी, हिंदू दोस्त को भी हड़काया; सप्ताह का दूसरा मामला
- कर्नाटक के बेंगलुरु में एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार एक मुस्लिम युवती और उसके हिन्दू दोस्त के साथ बदतमीजी का मामला सामने आया है। हालिया घटना में युवती से बुर्का हटाने तक को कहा गया।

कर्नाटक में बीते 11 अप्रैल को बुर्का पहनी एक युवती और उसके हिन्दू दोस्त को परेशान किए जाने का मामला सामने आने के बाद अब बेंगलुरु से एक और ऐसा ही मामला सामने आया है। हाल ही में सोशल मीडिया पर बेंगलुरु का एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है जिसमें एक शख्स एक मुस्लिम लड़की और एक हिंदू लड़के के साथ बदतमीजी करता हुआ नजर आ रहा है। इतना ही नहीं वह वीडियो में जोड़े का वीडियो बनाते हुए और उनके एक साथ होने पर भी सवाल उठाते हुए दिखाई दे रहा है।
वीडियो में वह शख्स लड़की से बुर्का उतारने के लिए कहता है। शख्स इसे मुस्लिमों का कपड़ा बताता है और बार-बार उसका नाम पूछ कर उसे परेशान करता है। वह लड़के से भी पूछता है कि वह एक मुस्लिम लड़की को कैसे डेट कर सकता है। इस दौरान लड़की कई बार उससे विनती करती है कि वह उन लोगों को छोड़ दें लेकिन शख्स नहीं मानता। इस दौरान वह उन्हें धमकाता हुआ भी नजर आता है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने उस पर संज्ञान लिया है। वीडियो में बेंगलुरु पुलिस कमिश्नर को टैग भी किया गया है। पुलिस ने कहा है कि वे मामले की जांच कर रहे हैं। इससे पहले बीते 11 अप्रैल को बेंगलुरु के सुवर्णा लेआउट में मॉरल पुलिसिंग का भी ऐसा ही मामला सामने आया था। सामने आए वीडियो में एक सार्वजनिक पार्क में कुछ लोग एक हिंदू लड़का और एक बुर्का पहनी लड़की के साथ बदतमीजी करते नजर आए थे। युवती द्वारा शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।